Pune: वृद्धाश्रम में प्यार,75 साल के बुजुर्ग ने 70 साल की वृद्धा के साथ लिए सात फेरे

Pune: यूं तो हम सभी जानते हैं कि प्यार की कोई उम्र नहीं होती। प्यार तो किसी भी उम्र में और कहीं भी हो जाता है। इस वक़्त देश मे शादियों का सीजन चल रहा है। वहीं इन शादियों में एक अनोखी शादी की खबरे सुनने को मिल रहीं है। महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है।
ये है मामला
दरअसल उम्र के 75वें साल में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने एक 70 साल की महिला से शादी की है। अब इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे महाराष्ट्र में हो रही है। यह मामला महाराष्ट्र के कोल्हापूर जिले का है। शादी के पहले दूल्हा और दुल्हन एक वृद्धाश्रम में रहते थे। जहां दोनों की जान पहचान हुई और फिर एक-दूसरे के साथ आगे का जीवन संग बिताने का फैसला किया।
कुंडली का मिलन कराए बिना की शादी
पुणे जिले के वाघोली की रहने वाली 70 साल की इस दुल्हन का नाम अनुसूया शिंदे है। जबकि शिरोल तहसील के रहने वाले 75 वर्षीय दूल्हे का नाम बाबूराव पाटिल है। दोनों ही लोग अपने-अपने पुराने जीवनसाथी को खो चुके थे। इसी वजह से दोनों ही लोग शिरोल तहसील के घोसरवाड स्थित जानकी वृद्धाश्रम में रहते थे। जब उनकी शादी की इच्छा की जानकारी वृद्धाश्रम के संचालक बाबासाहेब पुजारी को हुई तो उन्होंने सभी जरूरी कागजी कार्यवाही पूरी कर दोनों लोगों की शादी करवाई।
शादी के पहले दोनों ही लोग लगभग एक जैसी तकलीफों से गुजर रहे थे। इसी बीच एक-दूसरे से बातचीत और दुख दर्द बांटने का सिलसिला शुरू हुआ। जिस गाँव में यह अनोखी शादी संपन्न हुई वहां के प्रमुख लोगों की मौजूदगी में पूरे रीति रिवाज और विधि-विधान के साथ इस शादी को करवाया गया। इस शादी में कोई जात पात, ऊंच नीच या फिर कुंडली का मिलान नहीं किया गया है। दंपति को शारीरिक सुख या फिर धन संपत्ति की भी लालसा नहीं है।
ये भी पढ़ें: रात के अंधेरे में ट्वीन टावर तकनीक की तर्ज पर महज 6 सेकंड में मिट्टी में मिला चांदनी चौक का पुल