Election 2024: किसानों को नही मिला MSP का कानूनी अधिकार, अखिलेश बोले- केजरीवाल के मामले में न्यायालय करेगा न्याय

Election 2024
Election 2024: समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय लखनऊ समेत पूरे प्रदेश के विभिन्न जनपदों में समाजवादी चिंतक डा. राम मनोहर लोहिया की जयंती मनायी गयी। मुख्य कार्यक्रम राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित डा.राम मनोहर लोहिया पार्क में हुआ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लोहिया पार्क में स्थित डा.राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि डा. लोहिया ने भेदभाव, गैरबराबरी, गरीबी, बेरोजगारी के खिलाफ लड़ाई लड़ी। पिछड़ों, दलितों, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गो को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष किया। समाज में गैरबराबरी और भेदभाव दूर कर समानता और सम्पन्नता का नारा दिया। समाजवादी विचारों को लेकर चले। समाजवादी पार्टी डा. लोहिया और बाबा साहब डा.अम्बेडकर के बताए रास्ते और उनके विचारों पर चल रही है। आज की राजनीतिक परिस्थितियों में इन दोनों महापुरुषों के विचारों पर चलकर ही देश में खुशहाली लायी जा सकती है। समाजवादी लोग डा. लोहिया को याद कर रहे है और उनके विचारों पर चलने और उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प लेते हैं।

महंगाई, बेरोजगारी से देश का हर वर्ग परेशान और त्रस्त
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अपने दस साल की सरकार की नाकामी को छिपाने के लिए हर स्तर पर लोगों को गुमराह कर रही है। भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। महंगाई, बेरोजगारी से देश का हर वर्ग परेशान और त्रस्त है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों सभी को धोखा दिया है। सभी को झूठे सपने दिखाए। भाजपा की गलत नीतियों के कारण देश हर पैरामीटर में नीचे जा रहा है। भाजपा सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। युवाओं के पास नौकरी रोजगार नहीं है। किसानों को एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं मिला। भाजपा सरकार में हर वर्ग दुखी है।
भाजपा ने देश की जनता का भरोसा खो दिया
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की संस्थाओं का दुरुपयोग किया है। भाजपा ने देश की जनता का भरोसा खो दिया है। ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स को लेकर काफी दिनों से बहस चल रही है। इलेक्टोरल बांड ने भाजपा का बैंड बजा दिया है। जब से इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए भाजपा की वसूली का खुलासा हुआ है तब से लोगों को ध्यान हटाने और छिपाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। विपक्षी नेताओं के घरों पर छापे डाले जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि सुनने में आ रहा है कि जिस कम्पनी ने दिल्ली मामले में घोटाले का आरोप लगाया हैं भाजपा ने उससे भी इलेक्टोरल बांड की वसूली की है। उस कम्पनी ने इलेक्टोरल बांड के जरिए भाजपा को करोड़ों रुपए दिए हैं। अखिलेश यादव ने कहा हमें उम्मीद है कि केजरीवाल के मामले में न्यायालय पूरा न्याय करेगा।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand: कठोर निर्णय और स्वच्छ छवि ने बनाई सीएम धामी की अलग पहचान, यूसीसी-धर्मांतरण कानून बड़ा उदाहरण
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरो को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए। हिन्दी ख़बर ऐप