weather update: गर्मी ने तोड़ा 121 साल का रिकॉर्ड, लू पर मौसम विभाग ने किया अलर्ट

weather update
नई दिल्ली: भारत में भीषण गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। इस साल मार्च में लोगों को रिकॉर्ड स्तर की गर्मी का सामना करना पड़ा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार देश में 1901 के बाद से सबसे गर्म मार्च महीना रहा है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 1.86 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा था। इतना ही नहीं, भारत में औसत वर्षा भी पिछले महीने औसत से 71 फीसदी कम रही है।
जानकारी के मुताबिक मार्च महीने में देशभर में औसत तापमान 33.10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.86 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इस दौरान औसत न्यूनतम तापमान 20.24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.91 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, मध्य क्षेत्र में मार्च सामान्य से 1.62 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म रहा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक मार्च माह में औसत तौर पर 8.9 एमएम बारिश हुई, जो कि लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) के 30.4 एमएम से 71 प्रतिशत कम है। दरअसल मार्च में 1909 में 7.2 मिमी और 1908 में 8.7 मिमी बारिश हुई थी। ऐसी स्थिती में इस साल पिछले महीने 1901 के बाद से तीसरी सबसे कम बारिश हुई।
इस बीच मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने चेतावनी देते हुए बताया है कि आने वाले सालों में लू की तीव्रता और बढ़ती जाएगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले कुछ सालों में ऐसे और भी दिन आए हैं जब बारिश नहीं हुई है, जबकि कुछ मामलों में तो बहुत ज्यादा बारिश हुई है और गर्मी भी बढ़ गई है। वहीं राजधानी दिल्ली में गर्म हवाओं में आई तेजी के बाद लोगों को गर्मी ने प्रभावित किया।