Advertisement

Delhi: सोनिया गांधी के निजी सचिव के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज

Share
Advertisement

नई दिल्ली। पुलिस ने सोनिया गांधी के निजी सचिव पीपी माधवन के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि 26 वर्षीय एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कहा है कि माधवन ने नौकरी और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

Advertisement

पुलिस अधिकारी के मुताबिक पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस मामले की शिकायत करने पर गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर उत्तम नगर थाने में माधवन के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन ने कहा है कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा देने की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक पीड़िता उत्तम नगर इलाके में रहती है। महिला का पति कांग्रेसी कार्यकर्ता था, होर्डिंग-बैनर लगाने का काम करता था। इसी वजह से वह कांग्रेस पार्टी के संपर्क में आई और उसका पार्टी के दफ्तर और कार्यक्रमों में आना-जाना शुरू हो गया। 2020 में उसके पति की मौत हो गई। पति की मौत और कोरोना के कारण उसे खाने के भी लाले पड़ गए।

पति की मौत के बाद काम मांगने गई थी कांग्रेस दफ्तर
वह मदद के लिए पार्टी दफ्तर गई तो वहां उसे किसी कार्यकर्ता ने सोनिया गांधी के पीए पीपी माधवन का मोबाइल नंबर दे दिया। फोन पर उसने माधवन को अपनी माली हालत के बारे में बताया और काम दिलाने का अनुरोध किया। इसके बाद अक्सर माधवन और महिला के बीच बातचीत होने लगी। 21 जनवरी 2022 को माधवन ने उसे नौकरी के लिए इंटरव्यू देने की बात की और पीड़िता को बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। वह अकेला है और उससे शादी करना चाहता है। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां और बढ़ गईं। एक दिन आरोपी ने उसे रात को मिलने के लिए उत्तम नगर बुलाया। पहले महिला ने मना कर दिया, लेकिन जिद करने पर चली गई। आरोपी ने महिला को गाड़ी में बिठाकर अपने चालक को कार से उतार दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उसने उसके साथ गंदा काम किया।

शादी का दबाव बनाने पर धमकी
फरवरी 2022 में आरोपी ने पीड़िता को सुंदर नगर स्थित अपने मकान में बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच पीड़िता को पता चला कि उसकी पत्नी अभी जीवित है। पीड़िता ने माधवन से जब पूछा तो वह बहाने बनाने लगा। बाद में उसने पीड़िता को कुछ पैसों का लालच देकर चुप रहने के लिए कहा। बात नहीं बनी तो उसने पीड़िता को जान से मरवाने की धमकी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *