Advertisement

Delhi: आतिशी का केंद्र पर हमला, कहा- ‘ये महिलाओं को बेवकूफ बनाने वाला बिल..’

Share
Advertisement

नए संसद भवन में आज (19 सितंबर) महिला आरक्षण बिल पेश किया गया। कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने इसे महिला सशक्तिकरण से जुड़ा बिल बताया तो वहीं विपक्ष की तरफ से इस पर जमकर हंगामा किया गया। हालांकि महिला आरक्षण बिल एक ऐसा विषय रहा है, जिस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष की आम सहमति रही है। वहीं, अब इसको लेकर आम आदमी पार्टी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और केजरीवाल सरकार में मंत्री आतिशी ने महिला आरक्षण बिल को ‘महिला बेवकूफ बनाओ बिल’ बताया है। आतिशी ने आज एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि ये महिला आरक्षण बिल नहीं है, ये 2024 के चुनाव से पहले “महिला बेवकूफ बनाओ” बिल है।

Advertisement

देश के डिलिमिटेशन में 1-2 साल लगेंगे – आतिशी

आतिशी ने कहा कि 2024 के चुनावों से पहले महिलाओं को आरक्षण नहीं मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि ये बिल कहता है कि ये जब पास होगा, तो पहले जनगणना होगी, जनगणना आधार पर डिलिमिटेशन होगी, फिर डिलिमिटेशन के आधार पर आरक्षण दिया जाएगा। आतिशी ने कहा जनगणना होने में कम से कम एक साल का समय लगता है, उसके बाद डिलिमिटेशन प्रक्रिया शुरू होगी। एमसीडी जैसी छोटी डिलिमिटेशन करने में 6 महीने लगे चुनाव आयोग को। पूरे देश के डिलिमिटेशन में 1-2 साल लगेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि संविधान के 91वें संशोधन के अनुसार 2026 से पहले डिलिमिटेशन हो ही नहीं सकता। इसका मतलब कि जिस महिला आरक्षण बिल का इतना ढिंढोरा पीटा जा रहा है, उसका जल्द से जल्द भी कार्यान्वयन 2027-2028 तक होगा। ये 2024 में नहीं होने वाला।

आतिशी का बीजेपी पर निशाना

आतिशी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी ने क्यों कहा कि जनगणना करेंगे, फिर डिलिमिटेशन करेंगे, फिर आरक्षण देंगे? ये चुनाव से पहले देश की महिलाओं को बेवकूफ़ बनाने की कोशिश है। अगर नीयत होती तो 2024 चुनाव में ही लोकसभा में 1/3 सीटें महिलाओं को दे देते। उन्होंने कहा कि बीजेपी बृजभूषण की पार्टी है, महिला विरोधी पार्टी है, इन्हें महिलाओं के वेल बिंग में कोई इंटरस्ट नहीं है। हमारी प्रधानमंत्री मोदी से मांग है, कि डिलिमिटेशन और जनगणना का इंतज़ार ना करके महिलाओं का आरक्षण 2024 के चुनाव से ही किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *