
Congress Manifesto: राजस्थान चुनावों के मद्देनजर प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी की ओर से मंगलवार 21 नवंबर को घोषणा पत्र जारी किया गया। जयपुर में एक कार्यक्रम में ये घोषणापत्र जारी किया जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद रहे। अपने घोषणा पत्र में कांग्रेस ने राज्य के किसानों, महिलाओं और युवाओं को साधने की पूरी कोशिश की है। चलिए आपको बताते है राजस्थान चुनावों में जनता को लुभाने के लिए राजस्थान ने क्या बड़े वादे किए है ?
महिलाओं, युवाओं और किसानों पर जोर
मल्लिकार्जुन खरगे ने ही जयपुर में कांग्रेस के वॉर रूम से घोषणापत्र जारी करते हुए इसे राजस्थान घोषणा पत्र 2 का नाम दिया। कांग्रेस ने राजस्थान में युवाओं को ध्यान में रखते हुए 10 लाख रोजगार देने का वादा किया है। इसके अलावा प्रदेश में चार लाख नई सरकारी नौकरियां देने की बात भी कांग्रेस द्वारा कही गई है।
महिलाओं से लेकर किसानों को साधा
अपने चुनावी घोषणा पत्र में कांग्रेस ने महिलाओं का खासा ध्यान रखा है। कांग्रेस ने वादा किया है कि उनकी सरकार वापस आने पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। महिला सुरक्षा हेतु प्रहरियों की नियुक्ति होगी। परिवहन में जारी यात्रा किराए में छूट के अतिरिक्त फ्री मासिक कूपन जारी होंगे। साथ ही परिवार की महिला मुखिया को सालाना 10 हजार रुपए दिए जाएंगे।
इसके साथ साथ कांग्रेस ने किसान भाईयों को ध्यान में रखते हुए कहा कि राजस्थान में सरकार बनी तो स्वामीनाथन की रिपोर्ट के आधार पर एमएसपी की गारंटी का कानून लागू होगा और चिरंजीवी बीमा की राशि को 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख किया जाएगा।
वादे पूरे करने के लिए समर्पित रहेंगे – अशोक गहलोत
घोषणा पत्र जारी करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा कि “नं 1 राजस्थान का उपाय जन घोषणा पत्र नया अध्याय आज राजस्थान के हर वर्ग की जरूरतों, उम्मीदों और सपनों के प्रतिनिधि कांग्रेस जन घोषणा पत्र-II को सार्वजनिक किया। पूर्व की भांति हम इसके एक-एक अक्षर को क्रियान्वित करने के लिए हर एक क्षण समर्पित रहेंगे”।
FOLLOW US ON https://twitter.com/HindiKhabar