Advertisement

क्या शुभमन एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे?

Share
Advertisement

शुभमन गिल ने साल 2023 में 72.35 की एवरेज से 20 वनडे में सबसे ज्यादा 1230 रन बनाए हैं। इस दौरान गिल के बल्ले से 5 अर्धशतक और 5 शतक आए हैं। यही नहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छठा ODI शतक जड़ने के बाद शुभमन गिल 35 वनडे के बाद सबसे ज्यादा 1917 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनका औसत 66.10 और स्ट्राइक रेट 102.84 का रहा है। वनडे में गिल ने अबतक 214 चौके और 40 छक्के उड़ाए हैं।

Advertisement

शुभमन गिल ने इंदौर वनडे में 97 गेंद पर 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 104 रनों की पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 107.22 रहा। भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 399 का पहाड़ सा स्कोर खड़ा कर दिया। शुभमन गिल ने पहले 19 गेंद पर 9 रन बनाए, इसके बाद अगली 18 गेंद पर 41 रन कूटकर अपना अर्धशतक पूरा किया। शुभमन गिल ने असल मायनों में खुद को भारतीय क्रिकेट का प्रिंस साबित कर दिया।

एबॉट ने नवें ओवर की पहली फुलर लेंथ गेंद वाइड ऑफ द क्रीज से अंदर की तरफ एंगल बनाती हुई डाली। शुभमन गिल ने लॉन्गऑन के ऊपर से लॉफ्ट करते हुए 72 मीटर लंबा छक्का जड़ा। तीसरी गेंद पर रूम बनाते हुए शुभमन ने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से 4 रन हासिल कर लिया। कैमरन ग्रीन के 10वें ओवर की तीसरी लेंथ बॉल आउटसाइड ऑफ पर शुभमन डांसिंग डाउन द ट्रैक आए और गेंदबाज के सर के ऊपर से चौका जड़ दिया। पांचवीं गेंद शॉर्ट डाउन लेग थी। शुभमन गिल ने फाइन लेग के ऊपर से छक्का जड़ दिया। एडम जैम्पा ने 11वें ओवर की तीसरी गेम अंदर की तरफ एंगल बनाती हुई फुलर लेंथ की रखी।

शुभमन गिल ने मिडल ऑफ द बैट से लॉन्गऑन के ऊपर से 89 मीटर लंबा छक्का उड़ा दिया। कैमरन ग्रीन के 14वें ओवर की पहली गेंद पर शुभमन डाउन द ट्रैक आए और इसे हाफ फॉली में कन्वर्ट कर दिया। फिर गेंदबाज के सर और साइट स्क्रीन के ऊपर से छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। एक बार जब शुभमन ने प्ले बटन दबा दिया, फिर वह किसी भी सूरत में रुकने के लिए तैयार नहीं थे। एडम जैम्पा के 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर गिल फिर एक दफा डाउन द ट्रैक आए। हालांकि शुभमन गेंद की पिच तक नहीं पहुंच सके, लेकिन उनके बल्ले का अंदरूनी हिस्सा लेकर बॉल मिडविकेट बाउंड्री के बाहर 4 रन के लिए चली गई। अगली गेंद पर लॉन्गऑन की दिशा में सिंगल लेकर शुभमन ने श्रेयस अय्यर के साथ शतकीय साझेदारी पूरी कर ली।

स्पेंसर जॉनसन ने शुभमन गिल के सामने 18वें ओवर की पहली गेंद बैक ऑफ लेंथ आउटसाइड ऑफ रखी। गिल ने पॉइंट की दिशा में खूबसूरत कट शॉट खेलते हुए चौका अर्जित कर लिया। जोस हाजेलवुड के 21वें ओवर की पहली गेंद गुडलेंथ आउटसाइड ऑफ थी। शुभमन गिल ने डीप बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में करारा चौका जड़ दिया। हेजलवुड के 25वें ओवर की पहली गेंद भी गुडलेंथ आउटसाइड ऑफ थी। अबकी बार शुभमन डाउन द ट्रैक आ गए। फिर मिडऑफ के ऊपर से वन बाउंस चौका हासिल कर लिया।

एक ही तरह की गेंद पर दो तरह के शॉट खेल कर शुभमन गिल साबित कर रहे थे कि वह खेल के लिए नहीं, बल्कि खिलवाड़ के मूड में थे। एबॉट के 33वें उबर की अंतिम गेंद पर मिडऑफ की दिशा में क्विक सिंगल लेकर शुभमन ने अपना छठा वनडे शतक पूरा कर लिया। कैमरन ग्रीन ने 35वें ओवर की तीसरी गेंद धीमी गति के साथ लेंथ डिलीवरी डाली। शुभमन ने एक्रॉस द लाइन बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया। बल्ले का लीडिंग एज स्काई हाई चला गया। एलेक्स कैरी ने वक्त लेकर ऑनसाइड में कैच पकड़ लिया।

शुभमन गिल ने वर्ल्ड कप से पहले अपना तूफानी फॉर्म फिर एक दफा दिखा दिया। भारत ने जीत के लिए 400 का लक्ष्य रखा था। बारिश की वजह से 33 ओवरों में टारगेट 317 रनों का कर दिया गया। ऑस्ट्रेलियाई टीम 28.2 ओवरों में 217 पर सिमट गई और 99 रनों से मैच हार गई। एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने के लिए शुभमन गिल को 665 रनों की दरकार है। यह कारनामा करने के लिए उनके पास 4 वनडे और पूरा वर्ल्ड कप पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *