Advertisement

क्या ODI का एंगल बदल देंगे सूर्यकुमार यादव?

Share
Advertisement

सूर्यकुमार यादव ने ODI इतिहास का सबसे बड़ा कमबैक कर दिखाया है। मार्च में इसी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार 3 ODI डक और सितंबर में लगातार 2 ताबड़तोड़ वनडे अर्धशतक। सूर्यकुमार यादव ने इंदौर वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 37 गेंद पर 6 चौकों और 6 छक्कों के साथ 72* रन कूट दिए। अपना चौथा वनडे अर्धशतक जड़ते हुए सूर्यकुमार यादव ने वर्ल्ड कप में नंबर 6 पर जगह पक्की कर ली।

Advertisement

 जिस वक्त सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करने उतरे, भारत ने 40.2 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 302 रन बना लिए थे। ऐसे में सूर्या के पास कुटाई का लाइसेंस था। सूर्यकुमार यादव को पता था कि अभी नहीं तो कभी नहीं। अगर वर्ल्ड कप खेलना था, तो सूर्या का परफॉर्म करना जरूरी था।  सूर्यकुमार यादव ने कैमरन ग्रीन के 44वें ओवर की पहली 4 गेंद पर 4 ताबड़तोड़ छक्के जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। ओवर की पहली गेंद लेंथ डिलीवरी अराउंड मिडिल एंड लेग स्टंप थी।

 सूर्यकुमार यादव ने पिकअप शॉट खेलते हुए डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का जड़ दिया। दूसरी गेंद लेग स्टंप पर डाली गई थी। सूर्यकुमार यादव ने फाइल लेग बाउंड्री के ऊपर से स्कूप शॉट खेलते हुए एक और छक्का हासिल कर लिया। तीसरी फुलर लेंथ गेंद ऑफ स्टंप के बाहर धीमी गति के साथ डाली गई थी। सूर्यकुमार यादव ने डीप एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से लॉफ्टेड शॉट पर छक्का जड़ दिया। चौथी गेंद मिडिल एंड लेग स्टंप पर फुलर लेंथ की थी।

सूर्यकुमार यादव ने डीप मिडविकेट के ऊपर से फ्लिक शॉट पर छक्का उड़ा दिया। सूर्यकुमार यादव के इस शॉट में कलाइयों का खूबसूरत इस्तेमाल देखने को मिला। सूर्या ने 4 गेंदों पर ही साबित कर दिया कि चाहे टी-20 हो या वनडे, SKY इज द बेस्ट। सूर्यकुमार यादव ने साबित कर दिया कि वह भारतीय टीम के एक्स फैक्टर हैं। जब उनका बल्ला हल्ला बोलता है, तो कोई गेंदबाज टिक नहीं सकता। एबॉट ने 45वें ओवर की दूसरी गेंद फुलटॉस आउटसाइड ऑफ रखी। सूर्यकुमार यादव ने पॉइंट की दिशा में स्लाइस करते हुए चौका जड़ दिया।

कैमरन ग्रीन के 46वें ओवर की तीसरी गेंद धीमी शॉर्ट बॉल थी। सूर्यकुमार यादव ने शॉर्ट थर्ड मैन के ऊपर से अपर कट खेलते हुए चौका अपने नाम कर लिया। इस शॉट को देखते ही वीरू की याद आ गई। एक जमाने में सहवाग भी इसी तरह गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाया करते थे। ओवर की चौथी गेंद ऑफ स्टंप पर पिच्ड अप थी। सूर्यकुमार यादव ने इनसाइड आउट शॉट खेला। गेंद डीप एक्स्ट्रा कवर सीमा रेखा से ठीक अंदर गिरी और सूर्यकुमार यादव को चौका देकर गई। गेंद ने लगभग छक्के वाला डिस्टेंस कवर कर ही लिया था।

एबॉट ने 47वें ओवर की पहली गेंद धीमी गति के साथ लेंथ बॉल आउटसाइड ऑफ डाली। सूर्यकुमार यादव ने वाइडर लॉन्गऑफ के ऊपर से फ्लैट बैटेड सिक्स जड़ दिया। एबॉट की दूसरी यॉर्कर लेंथ गेंद को पॉइंट की दिशा में सिंगल के लिए खेल कर सूर्यकुमार यादव ने लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा कर लिया। जिस टीम के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने लगातार 3 ODI पारियों में खाता नहीं खोला था, उसे टीम को सूर्या ने तबियत से धोया। एबॉट के 47वें ओवर की चौथी गेंद फुलटॉस आउटसाइड ऑफ थी।

सूर्यकुमार यादव घुटनों पर गए और स्क्वायर लेग के ऊपर से स्कूप शॉट पर चौका हासिल कर लिया। यहां फील्डर सर्कल के अंदर था, इसलिए सूर्या ने यह शॉट खेला। अंतिम गेंद ऑफ स्टंप के काफी बाहर यॉर्कर लेंथ की थी। सूर्यकुमार यादव ने शॉर्ट थर्ड मैन फील्डर के बगल से चौका निकाल दिया। सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी में ताकत के साथ नजाकत का संगम देखने को मिला। जोस हेजलवुड ने 48वें ओवर की पांचवीं गेंद शॉर्ट पिच रखी। सूर्यकुमार यादव ने डीप मिडविकेट की दिशा में फुल शॉट पर चौका जड़ दिया। एबॉट के 50वें ओवर की तीसरी गेंद पैड्स पर जूसी फुलटॉस थी।

 सूर्यकुमार यादव ने फाइन लेग के ऊपर से फ्लिक करते हुए छक्का जड़ दिया। भारत का स्कोर 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 399 पहुंचा दिया। बारिश की वजह से 33 ओवरों में लक्ष्य 317 रनों का कर दिया गया। ऑस्ट्रेलियाई टीम 28.2 ओवरों में 217 पर सिमट गई और 99 रनों से मैच हार गई। सूर्यकुमार यादव ने अपनी धमाकेदार पारी से वनडे टीम में उनके सिलेक्शन पर सवाल खड़े कर रहे आलोचकों का मुंह हमेशा के लिए बंद कर दिया। टी-20 के नंबर वन बल्लेबाज ने ODI को ही टी-20 में बदल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *