Advertisement

एशियन गेम्स 2023 के सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया, रोमांचक मैच में नेपाल को दी शिकस्त

Share
Advertisement

नेपाल को 23 रन से हराकर भारतीय टीम एशियन गेम्स सेमीफाइनल में पहुंच गई है। भारत ने पहले खेलते हुए 4 विकेट खोकर 202 रन बनाए। जवाब में नेपाल 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 179 रन ही बना सका। भारत बनाम नेपाल क्वार्टर फाइनल मुकाबला पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हांगझोऊ में झेजियांग यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी पिंगफेंग क्रिकेट फील्ड में खेला गया। भारतीय कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय किया।

Advertisement

सलामी जोड़ी की शानदार शुरुआत

सलामी जोड़ी के तौर पर यशस्वी जयसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ ने 9.1 ओवरों में 100 रन जोड़ दिए। पावरप्ले के 6 ओवर में ही 10 से ज्यादा के रन रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने टीम का स्कोर 63 रन पहुंचा दिया था। यशस्वी जायसवाल ने संदीप लामिछाने के सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर आगे निकलकर लॉन्गऑफ के ऊपर से छक्का जड़ते हुए 22 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।

संदीप लामिछाने के 10वें ओवर की पांचवीं गेंद फुलर लेंथ की थी। कप्तान ऋतुराज बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन बल्ले का टो एंड डीप मिडविकेट फील्डर के हाथ पहुंच गया। यशस्वी ने 23 गेंद पर 4 चौकों के साथ 25 रन बनाए और भारत को 103 पर पहला झटका लग गया।  इसके बाद सोमपाल कामी के 11वें ओवर की चौथी शॉर्ट गेंद पर पुल करने के प्रयास में तिलक वर्मा के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेग स्टंप पर जा लगा। तिलक 10 गेंद पर 2 रन बना सके और भारत ने 111 पर दूसरा विकेट खो दिया।

संदीप लामिछाने के 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर स्लॉग हिट करने के प्रयास में जितेश शर्मा के बल्ले का टॉप एज गेंदबाज के लिए सिंपल रिटर्न कैच बन गया। जितेश ने 4 गेंद पर 5 रन बनाए और भारत का स्कोर 119 पर 3 हो गया। सोमपाल कामी के 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर स्क्वायर लेग की दिशा में सिंगल लेकर यशस्वी ने अपने T-20 करियर का पहला शतक पूरा किया। दीपेंद्र सिंह के 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर यशस्वी स्टेप आउट कर बाहर आए, लेकिन गेंदबाज ने फुलटॉस डालकर उन्हें चौंका दिया। गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगी और शॉर्ट थर्डमैन में यशस्वी लपके गए। यशस्वी ने 49 के ऊपर 8 चौकों और 7 छक्कों के साथ 100 रन बनाए। यशस्वी का स्ट्राइक रेट 204.08 रहा। 150 पर भारत को चौथा झटका लगा।

भारत को मिला नया फिनिशर

अंतिम 22 गेंद पर 52 रन जोड़कर शिवम दुबे और रिंकू सिंह ने भारत को 200 के पार पहुंचा दिया। शिवम ने 19 गेंद पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 25* रन बनाए। रिंकू सिंह ने 15 गेंद पर 2 चौकों और 4 छक्कों के साथ 37* रन कूटे। उनका स्ट्राइक रेट 246.67 रहा। पहली 7 गेंद पर 7 रन बनाकर खेल रहे रिंकू सिंह ने अगली 8 गेंद पर 375 की स्ट्राइक रेट से 30 रन ठोके। रिंकू सिंह ने साबित कर दिया कि वह भारत के नए फिनिशर बन चुके हैं। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए।

नेपाल के बल्लेबाजों ने किया निराश

जवाब में आवेश खान ने चौथे ओवर में आसिफ शेख के तौर पर नेपाल को पहला झटका दिया। आसिफ बड़े शॉट के लिए रूम बना रहे थे और आवेश ने चौथी गेंद लेग स्टंप पर तेज शॉर्टपिच डिलीवरी डाल दी। बड़ा शॉट खेलने का प्रयास कर रहे आसिफ के बल्ले का किनारा विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथ चला गया। आसिफ ने 6 गेंद पर बनाए 10 और नेपाल का स्कोर 29 पर 1. साई किशोर के नवें ओवर की पांचवीं गेंद पर कुशल भुर्तेल ने स्कूप करने का प्रयास किया। शॉट मिसटाइम हो गया और बदले में शॉर्ट फाइल लेग पर आवेश खान ने शानदार कैच पकड़ लिया। कुशल ने 32 गेंद पर बनाए 28 और नेपाल का स्कोर 62 पर 2 आउट।

नेपाल की आधी टीम पवेलियन

रवि बिश्नोई ने 11वें ओवर में कुशल मल्ला और रोहित पौडेल को आउट कर तहलका मचा दिया। चौथी गेंद को कुशाल ने गेंदबाज के सर के ऊपर से खेलने का प्रयास किया था लेकिन सीमा रेखा पर राहुल त्रिपाठी और रिंकू सिंह ने मिलकर शानदार कैच पकड़ लिया। कुशाल ने 22 गेंद पर 2 चौकों और 2 छक्कों के साथ 29 रन बनाए। नेपाल 76 पर 3 आउट। रवि ने ओवर की अंतिम गेंद सीधी और तेज रखी थी। रोहित पौडेल 5 गेंद में 3 रन बनाकर LBW हो गए। सबसे तेज T-20 अर्धशतक जड़ने वाले दीपेंद्र सिंह 14 गेंद पर 4 छक्कों के साथ 32 रन बनाकर खेल रहे थे। रवि बिश्नोई के 15वें ओवर की दूसरी शॉर्ट गेंद को लॉन्गऑन के ऊपर से उड़ाने के चक्कर में दीपेंद्र सीमा रेखा पर लपके गए। 122 पर नेपाल की आधी टीम पवेलियन पहुंच गई।

भारतीय गेंदबाज की सटीक गेंदबाजी

दीपेंद्र के जाते ही संदीप जोरा ने आक्रामक रुख अपना लिया। अर्शदीप सिंह ने 16वें ओवर की चौथी गेंद पिच अप कराई और बदले में संदीप लॉन्गऑफ पर यशस्वी जयसवाल के हाथ कैच थमा बैठे। संदीप ने 12 गेंद पर 1 चौके और 3 छक्कों के साथ 29 रन बनाए। स्कोर 140 पर 6। आवेश खान ने 17वें की अंतिम लोअर फुलटॉस पर सोमपाल कामी को लॉन्गऑन पर कैच करा दिया। सोमपाल ने बनाए 7 और नेपाल का स्कोर 156 पर 7। अर्शदीप सिंह के 18वें ओवर की पहली गेंद को सीधा लॉन्गऑफ पर तैनात यशस्वी जयसवाल के हाथ खेल कर गुलशन झा भी चलते बने। गुलशन ने बनाए 6 गेंद पर 6 और स्कोर 156 पर 8 ही पहुंचा सके।

भारत ने मैच जीत कर सेमीफाइनल में पहुंचा

आवेश खान ने संदीप लमिछाने को 19वें ओवर की अंतिम धीमी गेंद पर 5 के निजी स्कोर पर लॉन्गऑन के हाथों कैच करा दिया। स्कोर 173 पर 9। आखिर में नेपाल ने 20 ओवर की समाप्ति के बाद 9 विकेट होकर 179 रन बनाए और भारत 23 रन से मैच जीत कर सेमीफाइनल में पहुंच गया। भारत की तरफ से रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में 24 रन और आवेश खान ने 4 ओवर में 32 रन देकर 3-3 विकेट चटकाए। 4 ओवर में 43 रन खर्च करने के बाद अर्शदीप सिंह के हिस्से 2 विकेट आए। 1 सफलता साई किशोर को मिली। अब 6 अक्टूबर को भारत का मुकाबला सेमीफाइनल में बांग्लादेश या मलेशिया से होगा।

ये भी पढ़ें – Breaking: दिल्ली-NCR में भूकंप के झटके, 5.5 रही तीव्रता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *