Shamli: चार युवकों की यमुना नदी में डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Shamli: उत्तर प्रदेश के शामली जनपद से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। दरअसल, यमुना नदी में नहाने गए चार किशोरों की गहरे कुंड में डूबने से मौत हो गई। शोर-शराबा होने पर पहुंची गोताखोरों की टीम और पुलिस ने दो किशोरों के शव बरामद कर लिए है जबकि दो किशोरों का सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।
यह है पूरा मामला
मामला कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव रामड़ा नंगलाराई के सामने हरियाणा-पानीपत जिले के गांव तामशाबाद के निकट का है। जहां समीर, वादिल, सैफ अली निवासी गांव झालपाड़ व अमन निवासी झोबा सनीली हरियाणा अपने एक अन्य साथी के साथ यमुना में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान वह चारों गहरे कुंड में डूब गए। साथियों को डूबता देख किनारे पर नहा रहे पांचवें साथी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद मौके पर आसपास के किसानों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मामले की सूचना हरियाणा पुलिस-प्रशासन को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मोटरबोट के साथ गोताखोरों को बुलाया। सूचना पर शामली के प्राइवेट गोताखोर भी पहुंच गए और सर्च ऑपरेशन जारी किया।
जारी है सर्च ऑपरेशन
बताया जा रहा है कि चारो किशोर तामशाबाद गांव में जमात में आए हुए थे। उनकी उम्र करीब 16-17 वर्ष थी। सुबह नमाज अदा करने और तालीम के बाद वह यमुना नदी पर नहाने गए थे। जिनमें एक की जान बच गई, वहीं गोताखोरों द्वारा समीर व सैफ अली के शव को बरामद कर लिया गया है। जबकि बाकी दोनों लापता किशोरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। उधर हादसे से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
(शामली से उमंग अग्रवाल की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: Amroha: बुजुर्ग की मौत पर रोया बंदर, अर्थी से लिपटकर अंतिम संस्कार तक गया साथ