
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान प्रदेश में बढ़ रहे गन कल्चर को रोकने के लिए कई बड़े कदम उठा रहे है। वहीं पंजाब में गनकल्चर को खत्म करने के लिए पुलिस ने भी सख्ती तेज कर दी है। बता दें मान सरकार की ओर से शस्त्र लाइसेंसों की समीक्षा किए जाने के आदेश के नौ दिन के भीतर ही राज्य में अब तक 800 से अधिक लाइसेंस को रद्द कर दिया गया है। जबकि 324 लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं। वहीं पुलिस ने इन लोगों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द जवाब देने का आदेश भी दिया है।
मान सरकार का बड़ा एक्शन
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आया कि जिन लोगों के लाइसेंस रद्द या सस्पेंड हुए हैं, उनमें से अधिकतर लोगों ने हथियार लेने के लिए फर्जी पते लिखवाए थे। वहीं कई ऐसे भी जिन्होंने नियमों में हुए संशोधन के बाद अपने हथियार सरेंडर नहीं किए थे। हालांकि हथियारों के लाइसेंस के लिए अब नियम बदल चुके हैं। वहीं एक लाइसेंस धारक केवल दो ही हथियार रख सकता है, लेकिन कुछ लोगों ने अभी तक 3-3 हथियर रखे हुए हैं। फिलहाल सरकार ऐेसे लोगों के लाइसेंस को रद्द करने में जुटी हुई है।