Delhi NCRबड़ी ख़बर

आज हमारे देश के युवा स्टार्टअप से लेकर स्पेस तक कर रहे नाम रोशन : राष्ट्रपति मुर्मू

President Draupadi Murmu : संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों को संबोधित करेंगी इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों को संबोधित कर रही हैं। साथ ही बजट सत्र की भी शुरुआत हो गई। केंद्रीय बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा। बजट सत्र 31 जनवरी से 4 अप्रैल तक दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। बजट सत्र का पहला भाग 13 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा चरण दस मार्च से शुरू होगा।

देश का नाम रोशन कर रहे हैं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आज हमारे युवा स्टार्टअप से लेकर स्पेस तक देश का नाम रोशन कर रहे हैं। बीते एक दशक में मेक इन इंडिया स्टार्टअप इंडिया और स्टैंड अप इंडिया योजना के जरिए युवाओं को कई मौके उपलब्ध कराए गए हैं। एक और युवाओं को इंटर्नशिप योजना से अनुभव दिया जा रहा है। भारत में आज लाखों स्टार्टअप काम कर रहे हैं। एआई और डिजिटल तकनीक अपनाने में भी भारत दुनिया को रास्ता दिखा रहा है। मेरी सरकार विद्यार्थियों के लिए आधुनिक पाठ्यक्रम तैयार कर रही है। वही मातृभाषा में शिक्षा की सुविधा दी जा रही है। दस हजार से अधिक स्कूलों में अटल लैब खोली गई हैं। ईड ऑफ डूइंग रिसर्च के लिए कई काम किए गए हैं।

देश को गौरवान्वित कर रही हैं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि देश की दस करोड़ से अधिक महिलाओं को स्वयसेवी संगठनों से जोड़ा गया है और लखपति दीदियों की संख्या को भी लगातार बढ़ाया जा रहा है। कुछ महीने पहले ही बीमा सखी अभियान भी शुरू किया गया है। हमारे बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट सखियां दूर-दराज के इलाकों में डिजिटल योजनाओं को फायदा पहुंचा रही हैं। ड्रोन दीदी योजना महिलाओँ के आर्थिक और तकनीकी सशक्तिकरण का माध्यम बनी है। आज हमारे देश की महिलाएं लड़ाकू विमान भी उड़ा रही हैं और कॉरपोरेट सेक्टर में भी नेतृत्व कर रही हैं। हमारी बेटियां ओलंपिक में भी मेडल लाकर देश को गौरवान्वित कर रही हैं।

कर्मचारियों को 50 फीसदी पेंशन

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि मेरी सरकार ने हाल ही में आठवें वेतन आयोग के गठन का फैसला किया है। यूनिफाइड पेंशन स्कीम के तहत कर्मचारियों को 50 फीसदी पेंशन देने का फैसला किया गया है। वहीं मध्यम वर्ग का अपने घर का सपना पूरा करने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है। लोगों को घरों पर सब्सिडी दी जा रही है। उड़ान योजना से लोगों का हवाई जहाज यात्रा का सपना पूरा किया है। हर विषय की पढ़ाई के लिए सीटों की संख्या में कई गुना बढ़ाई गई जिसका लाभ भी मध्यम वर्ग को मिला है।

इंटर्नशिप करने के अवसर भी दिए

मेरी सरकार ने युवाओं की शिक्षा और उनके लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया है। देश के युवाओं को बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप करने के अवसर भी दिए जाएंगे। सरकार ने पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत 70 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। जब देश अटल जी की जन्मशती मना रहा है तो उनकी अटल ग्राम सड़क योजना नए ऊंचाई छू रही है।

सरकार ने मध्यम वर्ग को सराहा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि गरीब को गरिमापूर्ण जीवन मिलने से उसमें जो सशक्तिकरण का भाव पैदा होता है वो गरीबी से लड़ने में उसकी मदद करता है। पीएम उज्जवला योजना के मुताबिक दस करोड़ कनेक्शन दिए गए। ऐसी योजनाओं से गरीब को ये भरोसा दिया गया है कि वे सम्मान के साथ जी सकते हैं। देश में मध्यम वर्ग का नया वर्ग तैयार किया है जो देश की तरक्की को गति दे रहा है। मध्यम वर्ग जितने सपने देखेगा देश उतनी ही उड़ान भरेगा। सरकार ने मध्यम वर्ग को सराहा है।

यह भी पढ़ें : महाकुंभ भगदड़ हादसे में 30 लोगों की मौत, सीएम मोहन यादव समेत कई नेताओं ने जताया दुख

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button