अखिलेश यादव को करहल सीट से चुनौती दे रहे बघेल ने लगाया सपा पर हमले का आरोप, दो गिरफ्तार

SP Singh Baghel
केंद्रीय मंत्री और यूपी में करहल विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार एसपी सिंह बघेल ने समाजवादी के कार्यकर्ताओं पर उनके काफिले पर हमला करने का आरोप लगाया है। इस मामले में मंत्री ने पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई है। बघेल करहल सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं।
एसपी सिंह बघेल ने आरोप लगाया है कि समाजवादी के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर हमला किया है। पुलिस ने मामले में एक नामजद व्यक्ति और एक अज्ञात व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। राज्य के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने इस संदर्भ में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि बघेल ने मामले में दो व्यक्तियों को नामजद किया है।
समाचार एजेंसी एएनआई ने गृह मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि एसपी सिंह बघेल की सुरक्षा को बढ़ाकर ज़ेड श्रेणी कर दिया गया है।
इसके अलावा बघेल ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि उनकी कार पर हमला किया गया, जिसमें उन्हें चोटें भी आईं हैं। साथ ही उन्होंने गोलियां चलने की आवाज़ भी सुनी थी।
एसपी सिंह बघेल आगरा से सांसद हैं और मोदी सरकार में क़ानून राज्य मंत्री हैं।
चुनाव एक पवित्र प्रक्रिया- बघेल
बघेल का दावा है कि करहल में अखिलेश को मात देंगे। पर्चा भरने के बाद उन्होंने ट्वीट किया था, लोकतंत्र में जो अपने क्षेत्र को पुश्तैनी कहता है वो लोकतंत्र का अपमान करता है। करहल मैनपुरी लोकसभा सीट में आती है जहाँ से मुलायम सिंह मौजूदा सांसद हैं।
जो आपके खिलाफ खड़ा होगा, उसपर हमला करवा कर मारना चाहते हो- केशव
यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक वीडियो संदेश के हवाले से कहा, एसपी सिंह बघेल मंत्री के साथ-साथ आने वाले चनाव में भाजपा के प्रत्याशी भी हैं। समाजवादी के गुंडों ने उनपर हमला कर जान लेने की कोशिश की।
अखिलेश यादव से उन्होंने पूछा कि क्या यही नई सपा है। जिनके खिलाफ आप चुनाव लड़ रहे हो और चुनाव में हार रहे हो और चुनाव में हारने की स्थिति के बाद ऐसी परिस्थितियां खड़ी करोगे कि जो आप के खिलाफ चुनाव लड़ेगा, उसपर हमला करवाओगे।
आप ये ध्यान रखिएगा कि समाजवादी पार्टी की सरकार का युग समाप्त हो गया है। गुंडई के बल पर कोई बूथों पर कब्जा करके चुनाव नहीं जीत सकता।
उन्होंने चुनाव आयोग से जल्द से जल्द ऐसे आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।