सीआरपीएफ जवान ने साथी जवानों पर बरसाई गोलियां, 4 जवानों की मौत और 4 घायल

आरोपी जवान
डिजिटल डेस्क: छत्तीसगढ़ के सुकमा में सीआरपीएफ जवान ने अपने ही साथियों पर गोलियां चला दी, जिसमें 4 जवानों की मौत हो गई और 4 घायल हो गए। बता दें घटना रात करीब 3 बजे की है, सुकमा जिले के मरईगुड़ा थाना इलाके के लिगमपल्ली सीआरपीएफ 50 बटालियन कैंप की है। घायल 4 जवानों को इलाज के लिए रायपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जिस जवान ने गोलियां चलाई वो रात में ड्यूटी पर तैनात था। अभी साफ नहीं हो पाया है कि उसने यह क्यों किया, लेकिन प्रारंभिक जानकारी में जवानों के बीच विवाद की बात सामने आ रही है। IG, CRPF , एडिशनल SP कोंटा लिंगनपल्ली कैंप पहुंच चुके हैं। IG बस्तर, कलेक्टर सुकमा और SP सुकमा भी मौके पर जाएंगे।
फायरिंग की घटना में मारे गए 3 जवान बिहार के रहने वाले थे, जबकि 1 पश्चिम बंगाल का निवासी था। मृतक जवानों में बिहार निवासी धांजी, धर्मेंद्र कुमार और राजमणि कुमार यादव और पश्चिम बंगाल निवासी राजीव मंडल शामिल हैं। इनके अलावा जवान धर्मेंद्र कुमार सिंह, धर्मात्मा कुमार और मालया रंजन महाराणा घायल हैं। मृतक चौथे जवान के अभी जानकारी नहीं मिल सकी है।
घायल जवानों को कैंप से करीब 11 किमी दूर भद्राचलम के अस्पताल ले जाया गया। वहां पर इलाज के दौरान 2 जवानों ने दम तोड़ दिया । इसके बाद 2 अन्य की हालत गंभीर देख उन्हें चॉपर से रायपुर रेफर किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना पर जताया शोक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना पर गहरा जताया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएं। सीएम बघेल ने घटना में मृतक जवानों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना में घायल जवानों के बेहतर इलाज के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।