Agartala: त्रिपुरा में अमित शाह की सुरक्षा में चूक, शाह के काफिले में घुसी सफेद कार

Agartala: त्रिपुरा में केंद्रीय मंत्री अमित शाह की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। बुधवार को उनके काफिले में अचानक सफेद रंग की एक कार घुस गई। पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वह तेज स्पीड में काफिले को ओवरटेक करते हुए भाग गई। त्रिपुरा में बुधवार को राज्य की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह था। इसी प्रोग्राम में शामिल होने के लिए अमित शाह अगरतला पहुंचे थे। वह स्टेट गेस्ट हाउस से निकल रहे थे, तभी यह घटना हुई। पुलिस ने कहा कि कार चालक को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस वालों ने सफेद कार रोकी
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि अमित शाह का काफिला गुजर रहा है, तभी एक सफेद कार अचानक उनके काफिले के पास आ जाती है। पुलिस वालों ने उसे रोका, तो वह कुछ देर रुकी रहती है। इसके बाद अचानक कार शाह के काफिले के बीच में आ जाती है। पुलिसकर्मी पीछे दौड़ते हुए कार को रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह रुकी नहीं।
महाराष्ट्र दौरे पर भी शाह की सुरक्षा में चूक हुई थी
इससे पहले सितंबर 2022 को महाराष्ट्र दौरे पर भी शाह की सुरक्षा में चूक हुई थी। शाह के मुंबई दौरे पर एक संदिग्ध उनके इर्द-गिर्द कई घंटों तक घूमता रहा था। जब अधिकारियों को शक हुआ तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने उसे 2-3 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
ब्रीफकेस बैलिस्टिक शील्ड कवर के साथ Z+ सिक्योरिटी
2019 में शाह के गृह मंत्री बनने के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। शाह को Z+ सिक्योरिटी के साथ-साथ ब्रीफकेस बैलिस्टिक शील्ड का भी कवर दिया गया था। ये एक पोर्टेबल बुलेट प्रूफ शील्ड या पोर्टेबल फोल्ड आउट बैलिस्टिक शील्ड होती है, जिसे हमले के दौरान खोला जा सकता है। Z+ सिक्योरिटी के तहत शाह के साथ 24 से 30 कमांडो हर वक्त होते हैं।
ये भी पढ़े: किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- वे देश की एकता के लिए खतरनाक