Gonda News : गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों के हमले में घायल निषाद पार्टी नेता और व्यापारी विनोद कुमार साहनी की इलाज के दौरान मौत हो गई. उन पर 9 सितंबर की रात धारदार हथियारों से हमला करने के बाद गोली मारी गई थी. गंभीर हालत में उन्हें पहले जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. यहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की. परिजनों की शिकायत पर तीन नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुभम, सुभाष समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया
एसपी अभिषेक झा के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि विनोद कुमार साहनी सोशल मीडिया पर एक वर्ग विशेष के खिलाफ कथित तौर पर भड़काऊ पोस्ट कर रहे थे. इसी बात को लेकर आरोपी नाराज थे और पुलिस के अनुसार, इसी आक्रोश में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया.
विनोद साहनी की मौत की खबर मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री संजय निषाद लखनऊ मेडिकल कॉलेज पहुंचे, उन्होंने प्रशासन को कार्रवाई के लिए अल्टीमेटम दिया. इसके बाद पुलिस विभाग ने मामले में लापरवाही और कार्य में शिथिलता के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया.
तीन पुलिसकर्मी निलंबित
निलंबित पुलिसकर्मियों में परसपुर थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक कमल शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह और बीट आरक्षी अभिमन्यु भारती शामिल हैं. पुलिस प्रशासन ने परसपुर थाने की जिम्मेदारी कृष्ण गोपाल राय को थानाध्यक्ष के रूप में दी है. वहीं, निशा निषाद को शाहपुर चौकी प्रभारी बनाया गया है. घटना के बाद इलाके में तनाव और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क है. मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









