फुटबॉल के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार बैलोन डी’ओर से नवाज़े गए मेसी

Share

लियोनेल मेसी को आठवीं बार फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े बैलोन डी’ओर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इंटर मियामी के मालिक और फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी डेविड बेकहम ने मेसी को यह सम्मान दिया है। लियोनल मेसी इससे पहले 2009, 2010, 2011, 2012, 2015, 2019 और 2021 में भी बैलोन डी’ओर पुरस्कार जीत चुके हैं।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो से आगे निकले मेसी

लियोनेल मेसी अब 36 वर्षीय प्रतिद्वंद्वी क्रिस्टियानो रोनाल्डो से 3 बैलन डी’ओर आगे हैं। रोनाल्डो ने 2017 में अपनी 5 बैलोन डी’ओर ट्रॉफियों में से आखिरी जीती थी। 2022 फीफा वर्ल्ड कप में क्रिस्टियानो रोनाल्डो को कोच ने कई बार प्लेइंग XI का हिस्सा नहीं बनाया था।

डी’ओर अवॉर्ड जीतने के बाद मेसी ने कहा

मेसी ने बैलोन डी’ओर अवॉर्ड जीतने के बाद कहा- मैं इस करियर की कल्पना नहीं कर सकता, जो मैंने किया है। वह सब कुछ जो मैंने हासिल किया है। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम, इतिहास की सर्वश्रेष्ठ टीम के लिए खेलने का सौभाग्य मुझे मिला है। इन व्यक्तिगत ट्रॉफियों को जीतना अच्छा है।

फीफा वर्ल्ड कप में शानदार रिकॉर्ड

 मेसी ने अर्जेंटीना को 36 वर्षों में अपना पहला फीफा विश्व कप खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अर्जेंटीना ने पिछले साल फाइनल में गत चैंपियन फ्रांस को हराया था। फीफा वर्ल्ड कप 2022 में मेसी ने 7 गोल दागे थे और 3 में असिस्ट किया था। वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे, जिसके लिए उन्हें गोल्डन बॉल दिया गया था। फाइनल में भी मेसी ने 2 गोल दागे थे।

फुटबॉल का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार

बैलोन डी’ओर फुटबॉल का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार है, जो व्यक्तिगत तौर पर खिलाड़ी को दिए जाने वाला सम्मान है। यह फुटबॉल क्लब और राष्ट्रीय टीम के किसी एक खिलाड़ी को हर साल सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर दिया जाता है। 1956 के बाद से हर साल पुरुषों को इस पुरस्कार से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाता है। सर्वेश्रेष्ठ महिला खिलाड़ियों को 2018 से बैलोन डी’ओर देने की परंपरा शुरू की गई है। 2020 में आई कोविड महामारी के कारण पुरस्कार नहीं दिया जा सका था।

ये भी पढ़ें- वनडे में विराट कोहली ने लगाया अपने करियर का 47वां शतक