अखिलेश यादव ने बीजेपी पर किया जुबानी हमला, सरकार पर खड़े किए कई सवाल

Lok Sabha Election 2024

Lok Sabha Election 2024

Share

Lok Sabha Election 2024: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सबसे झूठी और भष्टाचारी पार्टी है। भाजपा ने झूठ और भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों सभी से झूठे वादे किए। दस साल की केन्द्र की भाजपा सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। न किसानों की आय दोगुनी हुई न युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरी मिली।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा देने में फेल रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं। जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहा हैं। भाजपा ने मंहगाई और बेरोजगारी के नाम पर भी जनता से झूठ बोला। महंगाई, बेरोजगारी कम होने के बजाय दोगुनी रफ्तार से बढ़ी। खाने-पीने की चीजें दाल, सब्जी, दूध से लेकर डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस सभी चीजों के दाम बढ़ाकर भाजपा सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग जनता की कमर तोड़ दी।

भ्रष्टाचार का भांडा फूटा

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। भाजपा ने चुनावी चंदा के नाम पर जमकर वसूली की। सरकारी एजेंसियों ईडी, सीबीआई और आईटी से छापे डलवाकर डराकर तमाम कम्पनियों से वसूली की गई। कोरोना रोधी वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी से भी वसूली कर ली। भाजपा सरकार में इलेक्टोरल बांड के नाम पर ऐसा भ्रष्टाचार हुआ है जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती है। सरकार दबाव डालकर पार्टी के लिए पैसा वसूलती हो ऐसा कभी नहीं हुआ। जब से भाजपा के भ्रष्टाचार का भांडा फूटा है तब से भाजपा में भारी घबराहट है।

बजट का बंदरबांट

अखिलेश यादन ने कहा कि जनता भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे को समझ गई है। भाजपा पूरे देश में बेनकाब हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में तो भाजपा ने पूरे बजट का बंदरबांट किया है। बजट की ऐसी लूट कभी नहीं हुई। यूपी में भाजपा सरकार सड़कों में गड्ढ़ामुक्त के नाम पर 40 हजार करोड़ रूपये का बजट डकार गई। उन्होने कहा कि पूरे प्रदेश की सड़कों में तमाम गड्ढे़ हैं। बजट का पता ही नहीं चला कि कहां खर्च हो गया? प्रदेश का विकास रुक गया। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल है। मरीजों को दवा और इलाज नहीं मिल रहा है। इस बार लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सभी 80 लोकसभा सीटों पर हराकर सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए तत्पर है।

यह भी पढ़ें: मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण हुआ प्रारम्भ, ईवीएम क्लोज के साथ सील, मॉकपोल, रिजर्व मशीन, वेबकास्टिंग की दी गई जानकारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरो को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप