
Jumma Namaz: मैनपुरी जनपद में पाक माह के पहली जुमे पर मस्जिदों में रोजेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के दौरान जामा मस्जिद में लोगों की भारी भीड़ रही और अल्लाह की रजा में रमजान का पहला जुमा बीता।
मस्जिदों में रही भारी भीड़
मुकद्दस रमजान के पहले जुमा की नमाज के लिए मस्जिदों में भीड़ उमड़ पड़ी। छोटी बड़ी तमाम मस्जिदों में जुमे की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। पूरा दिन इबादत ए इलाही में गुजरा। फर्ज नमाजों के साथ कसरत से नफ्ल नमाज अदा की गई। तिलावत ए कुरआन शरीफ की गई। तस्बीह व जिक्र के बीच पूरा जुमा रब को राजी करने में गुजरा।
सिर्फ भूंखे रहने का नाम नही रोजा
जामा मस्जिद सदर मोहम्मद शकील उर्फ फूलमियां ने कहा कि रोजेदार खुशनसीब हैं। जिसके लिए हर रोज जन्नत सजायी जाती हैं। रोजेदार की मगफिरत के लिए दरिया की मछलियां दुआ करती हैं। रोजा सिर्फ भूखे रहने का नाम नहीं है। असल रोजा तो वह है जिससे अल्लाह राजी हो जाए। जब हाथ उठे तो भलाई के लिए, कान सुने तो अच्छी बातें, कदम बढ़े तो नेकी के लिए, आंख देखे तो जायज चीजों को।
पुरुषों ने मस्जिदों में तो महिलाओं ने घरों में अदा कि नमाज
अहले सुबह रोजेदारों ने सेहरी खायी। पुरुषों ने मस्जिदों में तो महिलाओं ने घरों में नमाज ए फज्र अदा की। इसके बाद कुरआन शरीफ की तिलावत की गई। कुछ आराम करने के बाद हफ्ते की ईद यानी जुमा के नमाज की तैयारी शुरू हो गई। लोगों ने गुस्ल किया। साफ सुथरे कपड़े पहनकर इत्र लगाए। जुमा की अजान शुरू होते ही मस्जिदें नमाजियों से भरने लगीं। इसके बाद नमाजियों ने सुन्नतें अदा कीं। इमाम ने तकरीर पेश की। इसमें रोजे के फजाइल बयां किए।
हफ्ते की ईद लोगों ने अल्लाह की रजा में गुजारी
जामा मस्जिद में मौलाना खालिद रजा नूरी ने कहा कि रमजान का एहतराम बेहद जरूरी है। महिलाओं ने घरों में नमाज अदा कर कुरआन शरीफ की तिलावत की। पुरुषों ने भी घर आकर तिलावत व तस्बीह की। इसके बाद इफ्तारी की तैयारी शुरू हो गई। लजीज व्यंजन व शर्बत से दस्तरख्वान सज गए। शाम को असर की नमाज पढ़ी गई। इफ्तार का इंतजार शुरू हुआ। मस्जिद में अजान हुई सब ने खुदा का शुक्र अदा करते हुए रोजा खोला। रोजा खोलने के बाद मस्जिदों का रुख किया। मगरिब की नमाज अदा की। फिर थोड़ा चाय नाश्ता किया। इसके बाद एशा व तरावीह की नमाज अदा की। इस तरह से हफ्ते की ईद लोगों ने अल्लाह की रजा में गुजारी।
रिपोर्ट- विकास तिवारी, मैनपुरी, उत्तर प्रदेश
यह भी पढ़ें: http://Zero Born Country: एक देश ऐसा जहां नही पैदा कर सकते बच्चे, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान…
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरो को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए l हिन्दी ख़बर ऐप