
Jharkhand : राज्य के सीएम हेमंत सोरेन आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में पलामू पहुंचे। सीएम सोरेन ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि राज्य से खनन किए गए कोयले की वजह से केंद्र सरकार पर झारखंड का 1.36 लाख करोड़ रुपये बकाया है। उन्होंने कहा कि जब इस धन के बारे में पूछा जाता है, तो केंद्र सरकार इसे टालने के लिए अनेक हथकंडे अपनाता है।
बकाया राशि के बारे में पूछने पर टालमटोल किया जाता है
सीएम सोरेन ने कहा कि झारखंड से कोयला निकाला जाता है, और इसके मद में केंद्र सरकार का 1.36 लाख करोड़ रुपये बकाया है। बकाया राशि के बारे में पूछने पर कोई न कोई बहाना बनाकर टालमटोल किया जाता है। जिन्होंने 20 साल तक राज्य पर शासन किया, उन्होंने कभी यह राशि या राज्य का अधिकार नहीं मांगा। यह पैसा झारखंड की जनता का है।
सोरेन ने क्या आरोप लगाया?
सोरेन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने गरीबों के लिए आवास और सूखे जैसी प्राकृतिक आपदाओं के लिए धन देना बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज हम अपने दम पर इस राज्य का निर्माण कर रहे हैं। अपने अधिकारों के लिए लड़ना पड़ता है। कभी-कभी इसके लिए लंबे आंदोलन करने पड़ते हैं। इसके लिए हमें एकजुट होना होगा। हम अपनी इस लड़ाई को एक साथ लड़ेंगे और अपना अधिकार बरकरार रखेंगे।
बीजेपी अमीरों के कल्याण के लिए काम करती है
विपक्षी दल भाजपा पर हमला तेज करते हुए सोरेन ने कहा कि यह अमीर लोगों का समूह है जो अमीरों के कल्याण के लिए काम करता है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बर्बाद करने के लिए रेलवे स्टेशन, बंदरगाहों और सार्वजनिक उपक्रमों को कारोबारियों को बेचा जा रहा है, जिसे हम बर्दाश्त नहीं कर सकते। हम इसका पुरजोर विरोध करते रहे हैं।
यह भी पढ़ें – देश की आजादी में भी है राम नाम का योगदान- राम नाथ कोविंद!