
भारत सरकार ने चीन के 54 ऐप्स को देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए बैन कर दिया है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इन 54 ऐप्स पर प्रतिबंध लगाते हुए बयान जारी करते हुए कहा, ’ये 54 ऐप कथित तौर पर यूज़र्स से अलग-अलग महत्वपूर्ण अनुमतियाँ लेकर संवेदनशील डेटा जुटाते हैं। इनमें रियल-टाइम डेटा का दुरुपयोग किया जा रहा है और विरोधी देशों में स्थित सर्वरों को ट्रांसमिट किया जा रहा है।‘’
बैन किए गए 54 ऐप्स में स्वीट सेल्फी एचडी, ब्यूटी कैमरा-सेल्फी कैमरा, गरेना फ्री फायर-इल्यूमिनेट, वाइवा वीडियो एडिटर, टेनसेंट एक्सरिवर, ओनमायोजी एरिना, ऐपलॉक और डुअल स्पेस लाइट जैसे कई नाम शामिल हैं।
बीते वर्ष जून में, भारत ने देश की संप्रभुता और सुरक्षा के लिए खतरे का हवाला देते हुए टिकटॉक (TikTok), वीचैट (WeChat) और हेलो (Helo) सहित 59 चीनी मोबाइल एप्लिकेशन पर प्रतिबंध लगाया था। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के मुताबिक आईटी अधिनियम की धारा 69ए के तहत इन ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया गया था।
मई 2020 के बाद से चीन के साथ सीमा पर तनाव के चलते भारत ने अब तक 321 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया है।