
आगरा। पूरे देश में गणेशोत्सव की शुरुआत हो गई है। गणेश चतुर्थी के विशेष मौके पर देशभर में गणेश जी की मूर्ति स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। भक्त अपने भगवान के दर्शन कर उनसे आशीर्वाद मांग रहे है।
ऐसे में ताज नगरी आगरा से इस बार एक गणेश जी की मूर्ति की विशेष चर्चा हो रही है। यह मूर्ति अपने आप में अनोखी है और यह आगरा वालों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है।
इस मूर्ति की हो रही चर्चा
दरअसल, आगरा में इस बार गणेश चतुर्थी पर प्रथम देवता गणेश जी पीएम नरेंद्र मोदी के कंधे पर विराजमान नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही भगवान शंकर को गणेश जी कोरोना की वैक्सीन लगाते नजर आ रहे है। पीएम मोदी के कंधे पर विराजमान गणेश जी की प्रतिमा को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। बता दें कि आगरा के मधु नगर क्षेत्र में रहने वाले लोकेश रावत को जागरूकता का संदेश देती गणेश भगवान की मूर्तियां बनाने का शौक है।
पीएम मोदी के कंधे पर विराजे गणपति
बता दें कि पीएम मोदी के कार्यों से लोकेश इतने प्रभावित हुए की उन्होंने पीएम मोदी के कंधे पर गणेश जी को बिठा दिया। अब यह प्रतिमा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गई है। इसी तरह एक मूर्ति में भगवान गणेश हॉकी खेलते नजर आ रहे हैं। ओलंपिक में 41 साल बाद मेडल मिलने के बाद ही मूर्तिकार लोकेश ने हॉकी को बढ़ावा देने के लिए भगवान की इस प्रतिमा को बना डाला।
आगरा में जागरूकता का मैसेज देती नजर आ रहीं प्रथम देव गणेश की मूर्तियां लोगों को काफी पसंद आ रही हैं।
मिट्टी से बनी ईको फ्रेंडली मूर्तियों से पर्यावरण का संरक्षण हो रहा है। मूर्ति के निर्माण के लिए भावनगर गुजरात से मिट्टी मंगाई गई है।
बता दें कि आगरा के युवा लोकेश और नीलेश ने गणेश उत्सव को लेकर जागरूकता संदेश देती मूर्तियां बनाई हैं। इन मूर्तियों के जरिए पर्यावरण की रक्षा के साथ-साथ कोरोना से बचाव का संदेश भी समाज में दिया जा रहा है।