Firozabad: रामलला के आगमन पर मुस्लिम महिला ने दिया बच्चे को जन्म रखा राम रहीम नाम!

Firozabad:
सोमवार 22 जनवरी 2024 ये वो तारीख है जो इतिहास में हमेशा के लिए अमर हो चुकी है, क्योंकि आखिरकार 500 सालों के लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में हम सबके राम विराजमान हो चुके हैं। ऐसे में कल कुछ सांप्रदायिक बयानबाजियों के बीच हिन्दू मुस्लिम भाईचारे की एक बड़ी ही खूबसूरत घटना देखने को मिली है।
मुस्लिम महिला ने बच्चे का नाम भगवान राम पर रखा
दरअसल, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद(Firozabad) में प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के दिन एक मुस्लिम महिला ने बच्चे को जन्म दिया, जिसके बाद उस मुस्लिम महिला ने समाज की रूढ़ीवादी सोच और सारे धर्म के बंधनों को तोड़ते हुए अपने बच्चे का नाम राम रहीम रखा।
बता दें कि इस मुस्लिम परिवार ने बच्चे को भगवान राम का अंश माना है। इसलिए मुस्लिम महिला फरज़ाना के दीदी हुस्न बानो ने भगवान राम के आगमन पर बच्चे का नाम राम रहीम रखा है।
बच्चे में है भगवान राम का अंश, इसलिए रखा राम रहीम नाम
महिला अस्पताल के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर नवीन जैन ने इस अद्भूत धार्मिक एकता पर बताया कि फरज़ाना नामक प्रसूता ने 22 जनवरी को एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे की दादी हुस्न बानो ने उसका नाम राम रहीम रखा है।
बानो ने कहा कि उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश देने के लिए बच्चे का नाम राम रहीम रखा है। वहीं प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर संभल जिले के चंदौसी में स्थित एक निजी नर्सिंग होम के प्रसूति कक्ष में एक लघु राम मंदिर बनाया गया है।
प्रसव से पहले गर्भवती महिलाओं को कराए गए रामलला के दर्शन
बता दें कि सोमवार को गर्भवती महिलाओं को प्रसव से पहले भगवान राम के दर्शन कराए गए। नर्सिंग होम की डॉक्टर वंदना सक्सेना ने बताया कि आज अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर उन्होंने अपने नर्सिंग होम के प्रसूति कक्ष, नवजात शिशु कक्ष को भगवा रंग से सजाया है। साथ ही नवजात कक्ष में एक लघु भगवान श्री राम का मंदिर भी बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: https://hindikhabar.com/state/ram-mandir-inauguration-ramlala-opposition-leaders-program-today-news-in-hindi/
Follow Us On Twitter– https://twitter.com/HindiKhabar