दिल्ली की साकेत कोर्ट में फायरिंग, एक महिला घायल

राजधानी दिल्ली की साकेत कोर्ट में फायरिंग का मामला सामने आया है। गोली लगने से एक महिला के घायल होने की खबर है। शुक्रवार (21 अप्रैल) को दिल्ली के साकेत कोर्ट की परिसर में गोली की तड़तड़ाहट से अफरातफरी मच गई। वकील के भेष में अज्ञात लोगों ने एक महिला को गोली मार दी।
सूत्रों के मुताबिक, तीन से चार राउंड फायर किए गए और महिला को कई गोलियां लगी थीं। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “महिला को एम्स अस्पताल ले जाया गया और फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।”
फायरिंग होते ही पूरी कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया लोग इधर-उधर भागने लगे। आनन-फानन में इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए इसकी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि एक महिला आज अदालत में बयान देने के लिए पहुंची ही थी कि ये घटना हो गई। महिला न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के एक मामले में गवाह है। महिला शुक्रवार को बयान देने के लिए कोर्ट पहुंची थी।
ये भी पढ़ें: Delhi: इंस्टा पर आपत्तिजनक फोटो मांगने पर वाराणसी का टीचर गिरफ्तार