
अफगानिस्तान से होशफाख्ता कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां छात्राओं पर तालिबानी राज का सितम देखने को मिला है। आपको बता दें कि अफगानिस्तान में 80 छात्राओं को जहर दिया गया है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह पूरा मामला अफगानिस्तान के सर-ए-पुल प्रांत का है, जहां 80 स्कूली छात्राओं को जहर दिया गया है। इसके हैरतअंगेज घटना की सुई तालिबान की तरफ घूम रही है, जोकि सत्ता पर काबिज होने के पहले दिन से ही अफागिनस्तान की महिलाओं के साथ अत्याचार कर रहा है। तालिबानी राज ने महिलाओं पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हुए हैं। अब इस घिनौने कृत्य ने झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सर-ए-पुल प्रांत संगचरक जिले में करीब 80 छात्राओं को जहर दिया गया है। शिक्षा विभाग के प्रमुख मोहम्मद रहमानी ने कहा कि नसवान-ए-कबोद आब स्कूल में 60 छात्रों को जहर दिया गया है और नसवान-ए-फैजाबाद स्कूल में 17 अन्य को जहर दिया गया है।
शिक्षा विभाग के प्रमुख मोहम्मद रहमानी ने बताया है कि जहर देने वाले व्यक्ति की व्यक्तिगत दुश्मनी थी, लेकिन विस्तार से नहीं बताया है। उन्होंने बताया कि उत्तरी अफगानिस्तान में उनके प्राथमिक स्कूलों में दो अलग-अलग हमलों में करीब 80 लड़कियों को जहर दिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया।
समाचार एजेंसी के मुताबिक, ऐसा माना जा रहा है कि अगस्त 2021 में तालिबान के सत्ता में आने और अफगान महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों तथा स्वतंत्रता पर नियंत्रण करने के बाद से इस तरह का यह पहला मामला है। बता दें कि देश में लड़कियों के छठी कक्षा से आगे पढ़ाई करने पर प्रतिबंध है।