Dengue in Delhi: दिल्ली में तेजी से बढ़ रहा डेंगू का कहर, पिछले एक महीने में बढ़ी मरीजों की संख्या

Share

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली एनसीआर में डेंगू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। मालूम हो कि दिल्ली एनसीआर में डेंगू के मरीजों की संख्या 300 को पार कर गई थी। वहीं, नगर निगम की ओर से पिछले हफ्ते 68 नए मामले दर्ज किए गए हैं। जिसके बाद दिल्ली में डेंगू के मामले 2 अक्टूबर तक बढ़कर 341 हो गए है।

इसके साथ ही पिछले महीने की तुलना में देखा जाए तो इस सप्ताह डेंगू के मामलों में 63.6 प्रतिशत का उछाल देखने को मिला है। बता दें कि, सितंबर महीने में 217 केस दर्ज किए गए थे। साथ ही इस साल सितंबर के महीने में आए डेंगू के मरीजों ने पिछले तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

मच्छरों का बढ़ा प्रजनन

जानकारी के अनुसार आमतौर पर देखा जाता है कि डेंगू के मामले जुलाई-अगस्त के महीने में आते हैं और अक्टूबर के मध्य तक चरम पर पहुंचने के बाद कम हो जाते हैं। लेकिन इस बार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले महीने तक हो रही भारी बारिश के चलते डेंगू के मरीज बढ़ते जा रहे हैं।

इसके अलावा दक्षिण दिल्ली नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि, ‘दिल्ली एनसीआर में भारी बारिश के बाद मच्छरों के प्रजनन में वृद्धि हुई है। इस साल बारिश सामान्य दिनों के बाद तक जारी रही। जिस कारण मच्छरों के प्रजनन काफी हद तक बढ़ गया है।’

डेंगू के बारे में डॉक्टर का बयान

मैक्स हॉस्पिटल साकेत के एक डॉक्टर का कहना है कि, ‘अस्पतालों में भी डेंगू मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली है। पिछले तीन हफ्तों में डेंगू के मरीज काफी संख्या में बढ़ गए हैं। हम अपने अस्पताल में हर दिन एक या दो डेंगू के मरीजों को भर्ती होते देख रहे हैं।’

इसके साथ ही उन्होंने आगे बताया कि, ‘इस बार के डेंगू मरीजों के साथ सबसे अच्छी बात यह है कि मच्छर का लार्वा लोगों के अंदर माइल्ड है जो कि घर में ही ठीक हो जा रहा है। वहीं जो लोग अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं उन्हें भी दो तीन दीनों में ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जा रही है।’