कर्ज चुकाने को काम की खोज में निकला, फांसी के फंदे से लटका मिला

Death in gopalganj
Death in gopalganj: बेटे का इलाज कराने को जो कर्ज लिया वो चुका नहीं पाया। कर्ज चुकता नहीं हुआ तो कर्ज देने वाले ने उसकी पत्नी को भी सताया। वो इन सबसे निजात पाने को काम की तलाश में शहर पहुंचा लेकिन यहां भी उसका वास्ता ना उम्मीदी से पड़ा। घर वापस आने की कह कर सिवान से निकला लेकिन घर नहीं पहुंचा। उसका शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला है।
Death in gopalganj: बेटे के इलाज के लिए लिया था लोन
घटना गोपालगंज के भोरे थाना इलाके के हाता पड़रौना गांव की है। यहां के निवासी मोतीचंदराम (40) ने बेटे के इलाज के लिए समूह से दो लाख का लोन लिया। लोन चुकता नहीं हुआ तो समूह वालों ने उससे तगादा किया। आरोप है कि इसको लेकर उसकी पत्नी को भी प्रताड़ित किया गया।
Death in gopalganj: मजदूरी की तलाश में गया था सिवान
मोतीचंदराम कर्ज चुकाने के लिए काम की तलाश में मजदूरी करने सिवान गया था। इसके बाद उसने घर पर फोन कर बताया कि मुझे अभी कोई रोजगार नहीं मिल रहा है। परिजनो ने कहा, आप घर आ जाइए। मोतीचंद ने सिवान से रात में भवानी छापर बाजार पहुंचकर सुबह तक घर आने की बात कही।
Death in gopalganj: ग्रामीणों ने देखा फंदे से लटका शव
इसी बीच कुछ लोग शौच के लिए बगीचे की तरफ गए। यहां इन लोगों ने जगतौली ओपी से सटे बाग में एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका शव देखा। उन्होंने शव की शिनाख्त कर ली। वह शव मोतीचंदराम का था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। ग्रामीणों के साथ परिजन मौके पर पहुंच गए।
Death in gopalganj: सभी बच्चे अविवाहित
मृतक के चप्पल पेड़ के नीचे पड़े थे। मृतक के तीन पुत्री और एक पुत्र हैं। अभी सभी अविवाहित हैं। चारों बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। मोतीचंदराम के बेटे मुकेश ने बताया कि समूह से लोन लेकर मेरे पैर का ऑपरेशन कराया गया था। इसमें 2 लाख से ऊपर का कर्ज हो गया था। लोन चुकता नहीं करने पर समूह के लोगों द्वारा मेरी मां प्रताड़ित किया जा रहा था। डिप्रेशन में आकर उन्होंने खुदकुशी कर ली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में पुलिस
सूचना पर पहुंची भोरे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया है। पुलिस हत्या एवं आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असल कारण पता लग सकेगा।
रिपोर्टः प्रदीप शर्मा, संवाददाता, गोपालगंज, बिहार
ये भी पढ़ें: तेजस्वी यादव पहुंचे गोपालगंज, माता मंदिर पर टेका माथा