
Bihar News : बिहार के कई जिलों में रविवार को आग की घटनाओं ने तबाही मचाई। पश्चिम चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधेपुरा और मुजफ्फरपुर में लगभग डेढ़ सौ घर जलकर नष्ट हो गए। इन अगलगी घटनाओं में करोड़ों रुपये की संपत्ति, मवेशी और घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
समस्तीपुर में मासूम की मौत
समस्तीपुर के विशनपुर मुसहरी टोल में एक घर में लगी आग में सो रहे पांच वर्षीय श्याम कुमार की झुलसकर मौत हो गई। आग पर काबू पाने में समय लगने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई।
पश्चिम चंपारण में 44 घर राख
पनपटिया प्रखंड के चुहड़ी पंचायत के खैरवा टोला वार्ड संख्या-2 में शनिवार रात आग लगने से 44 घर जलकर खाक हो गए। इस घटना में मवेशी, ट्रैक्टर, बाइक, कपड़े और नकद सहित एक करोड़ से अधिक की संपत्ति नष्ट हुई। अग्निशमन की सात गाड़ियों ने ग्रामीणों की मदद से तीन घंटे में आग पर काबू पाया।
मवेशी और फसलें भी झुलसीं
कंगली थाना क्षेत्र के मसवास गांव में 12 बकरियों की झुलसने से मौत हुई। घर में सो रहे 60 वर्षीय योगेंद्र ठाकुर और उनके पुत्र 25 वर्षीय सुनील कुमार भी झुलस गए। वहीं, समस्तीपुर के मोहनपुर प्रखंड में 100 बीघा गेहूं की फसल जल गई। ताजपुर थाना अंतर्गत चकपहाड़ पंचायत और मधुबनी जिले में भी फसल और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ।
अन्य प्रभावित जिले
- दरभंगा में 21 घर जलकर नष्ट, लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान।
- मधेपुरा में महराजगंज वार्ड संख्या-14 में पांच घर जल गए।
- लखीसराय के सूर्यगढ़ा में मोटरसाइकिल गैरेज में आग लगी, करीब 10 पुरानी मोटरसाइकिलें जल गईं।
ये भी पढ़ें – अप्रैल की शुरुआत से बदला मौसम का मिजाज, उत्तर-पश्चिम में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









