Bhadohi: संदिग्ध हाल में पति ने धारदार हथियार से पत्नी व खुद का रेता गला

Bhadohi: यूपी के भदोही (Bhadohi) से बड़ी खबर है, जहां रिश्तेदार के यहां आए पति-पत्नी का शव कमरे से बरामद होने पर हड़कंप मच गया। मामला संदिग्ध है किंतु, प्राथमिक छानबीन में आपसी अनबन को लेकर पति द्वारा पत्नी की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर खुद का भी गला रेतने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। मृतक प्रयागराज जनपद के मेजा इलाके के रहने वाले थे।
Bhadohi: 2 शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई
शनिवार सुबह भदोही (Bhadohi) जिले के कोइरौना थाना क्षेत्र के दस्युपुर (डीघ) गांव के मल्लाह बस्ती में दो शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव खून से सना था और गले पर धारदार हथियार से रेतने का निशान था। मौके से सब्जी काटने वाली पहसुल भी बरामद हुई है। दरअसल, प्रयागराज के मेजा क्षेत्र के दिघिया निवासी राजेश निषाद 32 वर्ष की शादी मेजा के परवा गांव निवासिनी सन्नो देवी 30 वर्ष के साथ बीते 7 वर्ष पूर्व हुई थी। दंपति को कोई संतान नही है।
Bhadohi: पति-पत्नी गोवा रहते थे
बताते हैं कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच कुछ समय से अनबन चल रहा था। पति-पत्नी गोवा रहते थे। करीब 20 दिन पूर्व सन्नो देवी अकेले गोवा से मायके आ गई। और 6 दिन पूर्व भदोही के दस्युपुर गांव अपनी बड़ी बहन सुधा 36 वर्ष पत्नी कृष्णा निषाद के घर आई। जिसके बाद पति भी मायके से उसका पता लगाते हुए एक दिन पूर्व दस्युपुर पहुंच गया। दस्युपुर में सुधा व उसके तीन बच्चे ही मौजूद थे। ससुर व पति काम के सिलसिले में गोवा में हैं।
Bhadohi: पति ने पहले पत्नी की ली जान, फिर खुद को किया मौत के हवाले
बताते हैं कि रात पक्के कमरे में दोनों बहनें (सुधा व सन्नो) व बड़ी बहन की 5 साल की बेटी शिवानी सोई थी। शनिवार तड़के करीब 5 बजे बड़ी बहन सुधा घर से कुछ दूर स्थित मंदिर में पूजा करने चली गई। चश्मदीद बच्ची की मानें तो उसी वक्त बगल कमरे में सोए मौसा यानी राजेश उस कमरे में आये और मौसी के साथ मारपीट शुरू कर दी। धारदार हथियार से पत्नी का गला रेत राजेश ने खुद का भी गला रेत जीवनलीला समाप्त कर ली। बच्ची ने बताया कि कमरा अंदर से बंद था। वह जमीन पर गिरा लहू बचाते हुए दरवाजा खोलकर बाहर निकली। उसी क्षण पूजा कर लौट रही सुधा कमरे में अपनी छोटी बहन सन्नो व उसके पति का खून से लथपथ जमीन पर पड़ा शव देख सन्न रह गई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। लड़की व लड़के पक्ष के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
Bhadohi: पुलिस क्षेत्राधिकारी ने क्या कहा?
उधर सूचना पर स्थानीय थानाध्यक्ष मनोज कुमार व सीओ ज्ञानपुर प्रभात राय ने घटना स्थल पर पड़ताल की। फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड की भी छानबीन में मदद ली जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज है। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात राय ने बताया कि मृतक पति-पत्नी थे। प्राथमिक छानबीन के अनुसार इनके रिश्ते आपस में ठीक नही चल रहे थे। पत्नी गोवा से अपने मायके फिर अपनी बहन के ससुराल आई थी। उसका पति भी यहां आ गया, और आज सुबह पहसुल (धारदार हथियार) से पत्नी को मारकर खुद भी आत्मघाती कदम उठा लिया।
Bhadohi: घटना की बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहन तहकीकात की जा रही
फिलहाल घटना से जुड़ी अन्य आशंकाओं व बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहन तहकीकात की जा रही है। अवगत हो कि मृतक राजेश के घर से घटनास्थल पर आई महिलाएं मृतका पत्नी के मोबाइल की छानबीन करने की बात कहती नजर आ रही थीं। जिससे रिश्ते के दरार के पीछे पत्नी के किसी अन्य से रिश्ते होने जैसी बात की तरफ भी इशारा कर रही थीं। फिलहाल, सच से पर्दा तो पुलिसिया छानबीन में ही उठ पायेगा।
यह भी पढ़ें: Ayodhya: गुजरात के CM समेत कैबिनेट मंत्रियों ने अयोध्या में राम लला के किये दर्शन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए।”