
Rajasthan Road Accident : राजस्थान के चूरू जिले में सालासर बालाजी के दर्शन के लिए पैदल जा रहे तीन युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा शुक्रवार देर रात सालासर मंदिर से करीब एक किलोमीटर पहले हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर ही तीनों युवकों ने दम तोड़ दिया।
80 लोगों के साथ पदयात्रा पर निकले थे युवक
सालासर पुलिस थाने के एसएचओ शंखल लाल भारी के अनुसार, तीनों युवक पदयात्रा के लिए निकले थे। वे 10 सितंबर को करीब 80 लोगों के समूह के साथ जायल से सालासर बालाजी के लिए पैदल रवाना हुए थे।
विश्राम स्थल से रात में ही आगे निकल गए तीनों युवक
शुक्रवार रात पूरा पदयात्री जत्था सालासर से करीब 11 किलोमीटर दूर गनेरी में रुककर विश्राम कर रहा था। इसी दौरान तीनों युवकों ने रात में ही आगे बढ़कर सालासर पहुंचने का निर्णय लिया और समूह से आगे निकल गए।
अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर गई जान
सालासर के नजदीक पहुंचने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने तीनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजेश भार्गव (27 वर्ष), नटवर भार्गव (29 वर्ष) और विक्रम भार्गव (24 वर्ष) के रूप में हुई है।
अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने केस दर्ज कर टक्कर मारने के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
हादसे के बाद पदयात्रियों और परिवारों में शोक
दर्दनाक सड़क हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। वहीं, पदयात्रा में शामिल समूह के बीच भी शोक की लहर है।
ये भी पढ़ें – ब्रिक्स सम्मेलन को बम से उड़ाने की धमकी मामले में देवघर पहुंची गुजरात पुलिस, एक युवक हिरासत में
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









