Union Budget 2026 : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपना 9वां बजट पेश कर दिया है इसमें चमड़े और कपड़े के उत्पादों का निर्यात, माइक्रोवेव और सोलर एनर्जी से जुड़े सामान सस्ता हुआ है, साथ ही कैंसर की दवाएं भी सस्ती की गई हैं. इसके अलावा महंगाई में क्या-क्या बदलाव हुआ है, पढ़िए पूरी खबर.
बजट भाषण समाप्त
वित्त मंत्री ने कहा कि ईमानदार करदाता अपनी समस्याओं को सुलझा सकते हैं और अतिरिक्त राशि का भुगतान कर सकते हैं, जिस पर कोई दंड नहीं लगेगा. इसके साथ ही बजट भाषण समाप्त किया गया.
छोटे कारोबारी और कारीगरों को ई-कॉमर्स से जोड़ा
समुद्र में मछली पकड़ने वाले मछुआरों पर ड्यूटी नहीं लगेगी. छोटे कारोबारी और कारीगरों को ई-कॉमर्स से जोड़ा जाएगा. 10 लाख रुपये की सीमा हटा दी गई है और यह चार साल के लिए लागू होगा.
कैंसर और दुर्लभ दवाओं पर छूट
वित्त मंत्री ने कहा कि कैंसर से जुड़ी 17 दवाओं पर छूट दी जाएगी और 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाओं के आयात पर भी खास मेडिकल उद्देश्य के लिए छूट मिलेगी.
महिला उद्यमियों के लिए SHE मार्ट्स
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया, उन्होंने कहा कि SHE (Self-help Entrepreneur) मार्ट्स को कम्युनिटी-स्वामित्व वाली खुदरा दुकानों के रूप में स्थापित किया जाएगा, ताकि महिला उद्यमियों को सहारा और अवसर मिल सके.
शेयर बाजार में ऑप्शन ट्रेडिंग पर टैक्स बढ़ा
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने भाषण में कहा कि शेयर बाजार में ऑप्शन ट्रेडिंग पर टैक्स बढ़ा दिया गया है.
खेलो इंडिया’ मिशन का ऐलान
वित्त मंत्री ने खेल क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए ‘खेलो इंडिया’ मिशन की शुरुआत की घोषणा की.
16वें वित्त आयोग की सिफारिशें स्वीकार
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार ने 16वें वित्त आयोग की सिफारिशें स्वीकार कर ली हैं, जिसमें राज्यों को केंद्रीय करों की 41% हिस्सेदारी बनाए रखने की बात शामिल है. वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्यों को 1.4 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.
हिमालय और घाट में पारिस्थितिक ट्रेल्स
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पूर्वी और पश्चिमी घाट में पारिस्थितिक रूप से टिकाऊ माउंटेन ट्रेल्स विकसित किए जाएंगे. इसके साथ ही ओडिशा, कर्नाटक और केरल में प्रमुख घोंसला स्थलों के पास ‘कछुआ ट्रेल्स’ बनाए जाएंगे.
राजकोषीय घाटा 4.3 प्रतिशत रहने का अनुमान- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कर्ज-जीडीपी अनुपात 2026-27 में 55.6 प्रतिशत रहने का प्रस्ताव किया जो चालू वित्त वर्ष में 56.1 प्रतिशत है. राजकोषीय घाटा 2026-27 में 4.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है. जबकि चालू वित्त वर्ष में इसके 4.4 प्रतिशत का अनुमान है.
AI एग्री टूल और AVGC लैब की घोषणा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में किसानों के लिए भारत विस्तार AI एग्री टूल की घोषणा की. साथ ही उन्होंने कहा कि एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) उद्योग तेजी से बढ़ रहा है और 2030 तक इसमें 20 लाख पेशेवरों की जरूरत होगी. इसके लिए मुंबई स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज को 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में AVGC कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने में सहयोग दिया जाएगा.
तीन नए AIIMS और आयुष केंद्रों के उन्नयन की घोषणा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि वह तीन नए AIIMS स्थापित करने, आयुष फार्मेसियों और औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं को उन्नत बनाने, कुशल कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जामनगर स्थित WHO वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र को अपग्रेड करने का प्रस्ताव रखती हैं.
1.4 लाख करोड़ राज्यों को मिलेंगे- वित्त मंत्री
16वें वित्त आयोग ने अपनी रिपोर्ट राष्ट्रपति को सौंपी थी, जिसकी सलाह को स्वीकार कर लिया गया है. वित्त वर्ष 2026-27 में राज्यों को 1.4 लाख करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जो ग्रामीण और शहरी विकास परियोजनाओं के लिए इस्तेमाल होंगे.
मरीजों को बेहतर सुविधा मिले
जिला अस्पतालों को अपडेट किया जाएगा और इमरजेंसी वार्ड बढ़ाए जाएंगे, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा मिले.
स्वरोजगार और क्रेडिट से रोजगार बढ़ाए जाएंगे
लखपति दीदी योजना सफल रही. स्वरोजगार और क्रेडिट से रोजगार बढ़ाए जाएंगे. दिव्यांगों के लिए अलग-अलग सेक्टर में अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. कृत्रिम अंग मैन्यूफैक्चरिंग केंद्र और मानसिक स्वास्थ्य संस्थान को मजबूत किया जाएगा.
चंदन-मूंगफली और बादाम पर क्या बोलीं वित्त मंत्री?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि डेयरी और मुर्गी पालन को मजबूत किया जाएगा, कृषि उत्पादों की विविधता बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर बनेंगे. नारियल, काजू, बादाम, मूंगफली और चंदन की खेती को प्रोत्साहित कर आत्मनिर्भरता और निर्यात बढ़ाया जाएगा.
22 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला
हमने बीते 10 साल में 22 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है. हमारी सरकार ने तय किया है कि सर्विस सेक्टर पर जोर देंगे. भारत का युवा, उनकी आकांक्षाओं को पूरा किया जा सके. पढ़ाई से लेकर रोजगार तक उद्यम स्थापित हों.
तीन राज्यों में माइनिंग कॉरिडोर का ऐलान
वित्त मंत्री ने ऐलान किया है कि ओडिशा, केरल और छत्तीसगढ़ में माइनिंग कॉरिडोर बनाया जाएगा.
राष्ट्रीय फाइबर योजना
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रेशम, जूट और ऊन के लिए राष्ट्रीय फाइबर योजना का ऐलान किया.
देश में 22 नए जलमार्ग बनाए जाएंगे
वित्त मंत्री ने कहा कि देश में 22 नए जलमार्ग बनाए जाएंगे.
कैंसर और शुगर की दवाएं सस्ती
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि देश में कैंसर और शुगर की दवाएं सस्ती होंगी.
7 नए हाई स्पीड ट्रेन रूट्स का ऐलान
बजट में देश को हाई स्पीड ट्रेन कॉरिडोर की सौगात मिली है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि शहरों के बीच सात हाई स्पीड ट्रेन कॉरिडोर चलेंगे, जिनमें पुणे-मुंबई, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलिगुड़ी शामिल हैं.
तीन समर्पित केमिकल पार्क भी बनाए जाएंगे
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की कि ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में रेयर अर्थ कॉरिडोर स्थापित किया जाएगा, साथ ही तीन समर्पित केमिकल पार्क भी बनाए जाएंगे.
आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में मदद का प्रस्ताव
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि 2025 में रेयर अर्थ स्थायी चुम्बकों के लिए एक योजना शुरू की गई थी. अब सरकार ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे खनिज संपन्न राज्यों में ‘रेयर-अर्थ कॉरिडोर’ स्थापित करने में मदद करने का प्रस्ताव रख रही है.
ताकि उद्यमियों को लाभ मिले
MSME विकास के लिए महत्वपूर्ण साझीदार हैं. सरकार उन्हें मजबूत बनाने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये प्रदान कर रही है, ताकि उद्यमियों को लाभ मिले.
कुटीर उद्योग और ग्रामीण युवाओं के लिए लाभ
महात्मा गांधी ग्राम स्वराज इनिशिएटिव का प्रस्ताव पेश किया जा रहा है, जिससे बुनकरों और कुटीर उद्योगों को लाभ मिलेगा और गरीब ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे. भारत के पास खेल संबंधी उत्पाद बनाने की क्षमता भी है.
सेमीकंडक्टर हब के लिए 40 हजार करोड़ रुपये
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत को सेमीकंडक्टर हब बनाने के लिए सरकार प्रयासरत है और इस दिशा में सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए 40 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1 फरवरी को पेश होने वाले केंद्रीय बजट को लेकर बड़ी उम्मीदें जताई हैं, उन्होंने कहा कि राज्य को हमेशा केंद्र सरकार से अपेक्षा से अधिक ही सहायता मिली है. मीडिया से बातचीत में सीएम ने कहा, “हमें पहले ही कई अहम परियोजनाओं और सहयोग मिल चुका है. इस बजट से भी हमारी उम्मीदें हैं, और आम तौर पर हमें हमारी अपेक्षा से अधिक ही लाभ मिला है. इस बार भी हमें उम्मीद से अधिक मिलने की संभावना है.”
लेकिन तुरंत बेचने की सुविधा नहीं
रविवार को बजट 2026 पेश किया जाएगा. इस मौके पर शेयर बाजार में भी नियमित लाइव ट्रेडिंग सेशन आयोजित होगा. यह एक पुरानी परंपरा रही है कि जब 1 फरवरी को बजट पेश होता है और वह दिन वीकेंड पर पड़ता है, तब भी बाजार खुले रहते हैं. वही, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने एक सर्कुलर जारी कर जानकारी दी है कि रविवार, 1 फरवरी 2026 को बजट वाले दिन शेयर बाजार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुले रहेंगे. इस दिन सेटलमेंट हॉलिडे रहेगा इसलिए 30 जनवरी को खरीदे गए शेयर 1 फरवरी को बेचने के योग्य नहीं होंगे. इसी कारण, बजट वाले दिन खरीदे गए स्टॉक्स को अगले दिन यानी तुरंत बेचने की अनुमति नहीं होगी.
वित्त वर्ष 2026 में राजकोषीय घाटा घटाया
सरकार ने वित्त वर्ष 2025 में राजकोषीय घाटा 4.8 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था, जबकि वित्त वर्ष 2026 में इसे घटाकर 4.4 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा, एमएसएमई सेक्टर को मजबूत बनाने के लिए गारंटी के साथ दिए जाने वाले लोन की सीमा 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये कर दी गई है.
निर्मला सीतारमण पेश करेंगी 9वां बजट
पिछले बजट में सरकार ने नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत दी थी. हर महीने लगभग एक लाख रुपये तक आय वाले लोगों को टैक्स स्लैब से बाहर किया गया था, जिससे मध्यम वर्ग को सीधे लाभ मिला. इस बार भी सैलरीड वर्ग की नजर इस पर होगी कि क्या टैक्स स्लैब में कोई नया बदलाव या अतिरिक्त राहत दी जाती है.
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज, यानी रविवार, बजट 2026-27 पेश करेंगी. उनका बजट भाषण सुबह 11 बजे शुरू होगा. खास बात यह है कि यह उनका लगातार 9वां केंद्रीय बजट होगा, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है.
सुबह 11 बजे संसद में पेश किया जाएगा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण नई दिल्ली के कर्तव्य भवन स्थित वित्त मंत्रालय पहुंच गई हैं. इसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बजट की एक प्रति सौंपेंगी. इसके बाद बजट को कैबिनेट की मंजूरी दी जाएगी और सुबह 11 बजे संसद में पेश किया जाएगा.

निर्मला सीतारमण-पंकज चौधरी ने फोटो खिंचवाई
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने केंद्रीय बजट 2026-27 के दिन अपनी टीम के साथ फोटो खिंचवाई. इस तस्वीर में वित्त मंत्री और राज्य मंत्री के साथ वित्त मंत्रालय की पूरी टीम नजर आ रही है.
शशि थरूर ने रोजगार के बिना विकास पर जताई चिंता
बजट 2026 पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि हम सभी वित्त मंत्री के भाषण का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. आर्थिक सर्वे में अच्छी वृद्धि का अनुमान दिखाया गया है, लेकिन सवाल यह है कि क्या इस बढ़ोतरी के साथ पर्याप्त रोजगार भी सृजित होंगे. बिना रोजगार के विकास किसी के लिए भी लाभकारी नहीं होता.
निर्मला सीतारमण-पंकज चौधरी ने बजट राष्ट्रपति को सौंपी
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी राष्ट्रपति भवन पहुंचे, उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बजट की कॉपी सौंपी.
SMEs और किसानों के लिए राहत की उम्मीद
वही, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, “निर्मला सीतारमण आज नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश करेंगी. क्या वह लघु और मध्यम उद्योगों को राहत देंगी? क्या किसानों के लिए कोई कदम उठाया जाएगा? क्या आयकर स्लैब में बदलाव होगा? आज देश की आर्थिक स्थिति काफी खराब है और निवेशक भारत नहीं आ रहे हैं. क्या यह बजट केवल भाजपा शासित राज्यों के लिए होगा?”
सोना-चांदी की कीमतें निचले सर्किट पर
वायदा कारोबार में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश होने से पहले सोने और चांदी की कीमतें निचले ‘सर्किट’ स्तर तक गिर गई हैं. हाल के दिनों में इनकी कीमतों में तेजी देखने को मिली थी, लेकिन अब गिरावट दर्ज की जा रही है.
राष्ट्रपति ने सीतारमण को दही-चीनी खिलाई
राष्ट्रपति मुर्मू ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को दही-चीनी खिलाई और बजट के लिए शुभकामनाएं दी. इसके बाद वित्त मंत्री सीधे संसद भवन जाएंगी, जहां बजट को कैबिनेट की मंजूरी दी जाएगी और फिर इसे पेश किया जाएगा.
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी राष्ट्रपति भवन पहुंचे, उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बजट की कॉपी सौंपी. लगातार 9वें बजट को पेश करने जा रही वित्त मंत्री सीतारमण से इस बार आम जनता को भी काफी उम्मीदें हैं.
प्रधानमंत्री मोदी भी संसद भवन पहुंचे
बजट 2026 पेश होने के खास मौके पर प्रधानमंत्री मोदी भी संसद भवन पहुंचे हैं. थोड़ी ही देर में बजट को कैबिनेट से मंजूरी मिलने वाली है. PM मोदी संसद में मौजूद रहकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट भाषण सुनेंगे.
अखिलेश यादव ने बजट पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “जिस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है, उसके बजट से क्या उम्मीद करें? ये बजट 5% लोगों के लिए बनता है.
निर्मला सीतारमण का बजट देशहित में होना चाहिए
बजट को लेकर शिवसेना यूबीटी सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि निर्मला सीतारमण को बहुत बधाई, यह उनका नौवां बजट है, उन्होंने कहा कि बजट सिर्फ चुनावी राज्यों के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के हित में होना चाहिए. देश की अर्थव्यवस्था की दिशा अब उनके हाथ में है. प्रियंका चतुर्वेदी ने यह भी कहा कि बजट चुनावी रंग लिए बिना, केवल देश के हित के लिए जारी किया जाना चाहिए.
पीएम मोदी समेत सभी मंत्री मौजूद
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में केंद्रीय बजट पेश कर रही हैं. उनका भाषण सुनने के लिए पीएम मोदी और अन्य सभी मंत्री संसद में मौजूद हैं. बजट भाषण की शुरुआत में वित्त मंत्री सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मोदी सरकार द्वारा जनता के लिए किए गए कामों का जिक्र कर रही हैं.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक केंद्रीय बजट 2026 पेश होते देख रहे हैं.
ये भी पढ़ें – आजम खान से पत्नी, बहन और बेटे ने जेल में की मुलाकात, 2 पैन कार्ड मामले में सजा पाने के बाद बंद हैं सपा नेता
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









