
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से अजीब वारदात सामने आई है। यहां एक पुत्र ने ही पिता की हत्या कर दी। हत्या का कारण भी अजीबोगरीब बताया जा रहा है। बेटे ने यह कदम पिता के वॉशिंग मशीन का उपयोग न करने देने पर उठाया। मामला शिकारपुर थाना क्षेत्र के मुफ्तीवाड़ा मोहल्ले का है। यहां एक युवक ने वॉशिंग मशीन में कपड़े धोने से रोकने पर अपने ही पिता को मार डाला। बेटे ने मां को भी मारने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने भागकर अपनी जान बचा ली। हत्या के बाद युवक ने पिता के शव को गठरी में बांध दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, चेतन मंगलवार सुबह वॉशिंग मशीन में अपने कपड़े धोने जा रहा था। इसी बीच उसके पिता राजपाल (65 ) ने उसे मशीन में कपड़े धोने से रोक दिया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर चेतन ने पिता को पीटना शुरू कर दिया। साथ ही, पास रखे डंडे से ताबड़तोड़ कई बार वार कर उनकी हत्या कर दी। मां ने शोर मचाकर रोकने का प्रयास किया तो आरोपी उन्हें भी मारने को दौड़ा, लेकिन वह भागकर घर से बाहर निकल गईं।
आरोपी की मां भागते हुए थाने पहुंची। थाने में जाकर पुलिस को घटना सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मां की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी चेतन को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात बजरंगबली चौरसिया ने बताया कि पिता-पुत्र के बीच वॉशिंग मशीन में कपड़े धोने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद बेटे ने ही पिता की हत्या कर दी और शव को चादर में गठरी बनाकर भाग गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें: यूपी पुलिस के सिपाही ने उठाया खतरनाक कदम, पत्नी से विवाद के चलते फांसी लगाकर किया सुसाइड