UP News : दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की, उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अर्धनग्न होकर किया गया प्रदर्शन अशोभनीय बताते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इस समिट में इस तरह का आचरण न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि यह गंभीर चिंता का विषय भी है.
बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर नाराजगी व्यक्त की, उन्होंने लिखा कि “नई दिल्ली में आयोजित ’एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश-विदेश के कई प्रसिद्ध व्यक्ति शामिल थे और जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में था, इस दौरान कुछ लोगों द्वारा अर्धनग्न होकर अपना विरोध जताना, जिनमें अधिकांश कांग्रेसी युवा बताए जा रहे हैं, अत्यंत अशोभनीय और निंदनीय है.”
एआई समिट 2026 में विरोध प्रदर्शन
मायावती ने कहा अगर यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर का नहीं होता, तो मामला अलग होता, लेकिन इस समिट के दौरान इस तरह का आचरण करना अत्यंत चिंता का विषय है. ऐसे में यह आवश्यक है कि अपने देश की गरिमा और छवि को नुकसान न पहुंचे, तभी यह व्यवहार उचित माना जाएगा.”
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार, 20 फरवरी को दिल्ली में आयोजित एआई समिट 2026 के दौरान, यूथ कांग्रेस के लगभग 8-10 कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम परिसर में प्रवेश कर विरोध प्रदर्शन किया, उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के खिलाफ विरोध जताते हुए टीशर्ट उतारकर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की और ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ के नारे लगाए.
पूरे परिसर में हड़कंप मच गया
इस घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया. जिसके बाद वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और तुरंत उन्हें इवेंट से दूर ले जाया गया.
इस घटना को लेकर सियासत भी गरम हो गई है. भारतीय जनता पार्टी ने इसे लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि वो एंटी नेशनल पार्टी है. जहां दुनिया भर में एआई समिट की तारीफ हो रही है वहीं राहुल गांधी की कांग्रेस इसका विरोध कर रही है. बीजेपी आज देशभर में इसके विरोध में प्रदर्शन भी कर रही है.
ये भी पढ़ें – ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 25वें दिन : पंजाब पुलिस ने 702 ठिकानों पर छापेमारी, 232 गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









