Uttarakhand: अक्षय तृतीया पर खोले गए गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट

Share

अक्षय तृतीया के मौके पर गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोल दिए गए। गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:35 मिनट और यमुनोत्री धाम के कपाट 12:41 मिनट पर खुले। सीएम पुष्कर सिंह धामी भी कपाट खुलने के मौके पर गंगोत्री धाम मौजूद रहे। गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा-2023 का शुभारंभ हो गया।

मां गंगा के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच गंगोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के मौके पर खोल दिए गए। दोपहर 12.35 मिनट पर गंगोत्री के कपाट खोले गए। मां गंगा की भोगमूर्ति और छड़ी गंगोत्री धाम में विराजमान हुई। सीएम पुष्कर सिंह धामी भी कपाट खुलने के मौके पर गंगोत्री धाम में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने गंगोत्री में गंगा पूजन भी किया। और मां गंगा से सबकी सुख शांति का आशीर्वाद मांगा। इससे पहले मुख्यमंत्री मां यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हो रही मां यमुना की डोली के दर्शन किए।

और विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए। खरसाली से विदा होकर मां यमुना की डोली यमुनोत्री पहुंची जहां दोपहर 12 बजकर 41 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए। गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही इस साल की चारधाम यात्रा का आगाज हो गया। सीएम धामी ने देवभूमि आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए सबको सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

गंगोत्री यमुनोत्री धाम के कपाट ग्रीष्मकाल में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं। 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। और 27 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे। अब राज्य में अगले छह महीने तक चारधाम दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा। और सबकी यात्रा सफल और सुरक्षित हो, गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुलने पर सीएम ने यही कामना की है।

ये भी पढ़ें:Uttarakhand: श्रद्धालुओं का इंतज़ार ख़त्म, चारधाम यात्रा आज से शुरू