UP Third Phase Election: इन दिग्गजों की किस्मत लगी है दांव पर

UP Third Phase Election: उत्तर प्रदेश में तीसरे फेज का चुनाव शुरू हो चुका है। इस चरण में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है। यूपी के तीन क्षेत्रों पश्चिमी यूपी, अवध और बुंदेलखंड में मतदान शुरू हो चुका है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
इन दिग्गजों की किस्मत लगी है दांव पर
अखिलेश यादव- यूपी चुनाव के तीसरे चरण में सबसे बड़ा नाम उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) का है। वह करहल विधानसभा सीट से ताल ठोक रहे हैं। यह सीट यादव बाहुल्य सीट है।
एसपी सिंह बघेल- इस चरण में केंद्रीय मंत्री और आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल (SP Singh Baghel) भी मैदान में हैं। भाजपा ने उनको मैनपुरी की करहल सीट से अखिलेश यादव के खिलाफ मैदान में उतारा है। इसी वजह से यह सीट वीआईपी हो गयी है।
शिवपाल सिंह यादव- सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) की हार-जीत भी इस चरण में तय होगी। इटावा की जसवंतनगर सीट से वह चुनाव लड़ रहे हैं। वह लगातार पांच बार इसी सीट से विधायक चुने गए हैं। यह सीट भी यादव बाहुल्य है।
सतीश महाना- योगी कैबिनेट के मंत्री सतीश महाना (Satish Mahana) कानपुर की महराजपुर सीट से मैदान में हैं।
रामनरेश अग्निहोत्री- सतीश महाना के अलावा योगी कैबिनेट के एक और मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री (Ram Naresh Agnihotri) भी चुनावी मैदान में हैं। वह मैनपुरी की भोगांव सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
नीलिमा कटियार- यूपी की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री नीलिमा कटियार (Neelima Katiyar) दूसरी बार कल्याणपुर सीट से चुनाव मैदान में हैं।
लुईस खुर्शीद- यूपी की फर्रुखाबाद सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद (Louise Khurshid) कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर भी सबकी नजर है।
रामवीर उपाध्याय- उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री रामवीर उपाध्याय (Ramveer Upadhyay) भी इस बार चुनाव मैदान में हैं। वह भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वह हाथरस की सादाबाद सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
असीम अरुण- कन्नौज सदर सीट से बीजेपी के टिकट पर लड़ रहे पूर्व आईपीएस अफसर असीम अरुण (Asim Arun) पर भी सभी की नजरें होगी। वह दलित समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।
मनोहरलाल मन्नू कोरी और लाखन सिंह राजपूत- योगी कैबिनेट के मनोहरलाल मन्नू कोरी (Manoharlal Mannu Kori) मेहरोनी सीट से मैदान में हैं। वहीं लाखन सिंह राजपूत औरैया की दिबियापुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।