
उमेश पाल हत्याकांड में वारदात को अंजाम देने वाला एक और बदमाश मुठभेड़ में ढ़ेर हो गया है। बदमाश का नाम विजय कुमार उर्फ उस्मान चौधरी है। बताया जा रहा है कि विजय कुमार उर्फ उस्मान चौधरी उमेश पाल की हत्या का मुख्य आरोपी था। उमेश पर सबसे पहली गोली उसने ही चलाई थी। बताया जा रहा है कि प्रयागराज के कौंधियारा इलाके में ये मुठभेड़ हुई।
पहले उस्मान चौधरी ने पुलिस पर फायरिंग की जवाबी कार्रवाई में उस्मान गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। उमेश पाल हत्याकांड को लेकर प्रयागराज पुलिस एक्शन में है। इससे पहले अरबाज नाम का बदमाश मुठभेड़ में ढ़ेर हो चुका है।
इनामी बदमाश था उस्मान
मुठभेड़ में ढ़ेर हुआ उस्मान उमेश पाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। पुलिस ने जिन लोगों को इस केस में आरोपी बनाया है, उनमें उस्मान का भी नाम है। उस्मान चौधरी इनामी बदमाश था। प्रयागराज पुलिस ने उस पर 2.5 लाख का इनाम रखा था। बताया जा रहा है कि उमेश पाल पर सबसे पहली गोली उस्मान चौधरी ने ही चलाई थी।
इससे पहले भी हुआ बदमाश ढेर
उमेश पाल हत्याकांड को लेकर प्रयागराज पुलिस एक्शन में है। उस्मान से पहले भी एक बदमाश मुठभेड़ में ढ़ेर हो चुका है। 27 फरवरी को अरबाज नाम के बदमाश को प्रयागराज के नेहरू पार्क में मुठभेड़ में गोली लगी थी। बताया गया कि जिस क्रेटा कार से बदमाशों ने फायरिंग की थी। उसे अरबाज ही चला रहा था। अरबाज अतीक अहमद का करीबी था। बताया गया कि वह अतीक अहमद की गाड़ी चलाता था।
अतीक पर है साजिश का आरोप
उमेश पाल पू्र्व बसपा विधायक राजू पाल की हत्या का मुख्य गवाह था। 24 फरवरी को उमेश की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। उमेश की पत्नी ने हत्या की साजिश का आरोप पूर्व सांसद अतीक अहमद पर लगाया है। उमेश की पत्नी ने अतीक और उसके परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस को शक है कि उमेश पाल की हत्या की साजिश अतीक अहमद ने ही रची थी।
प्रशासन इस केस को लेकर एक्शन मोड में है। जहां एक तरफ हत्याकांड के दो मुख्य आरोपी पुलिस से मुठभेड़ में ढ़ेर हो चुके हैं तो वहीं दूसरी तरफ अतीक अहमद के करीबियों के घर पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Umesh Pal Murder Case: पुलिस ने बढ़ाई आरोपियों पर इनाम की राशि