Rajasthan: कोटा के कारोबारी नवीन पालीवाल बने AAP के नए अध्यक्ष

आम आदमी पार्टी (AAP) ने नवीन पालीवाल को राजस्थान (Rajasthan) में अपना राज्य प्रमुख नियुक्त किया है, और साथ ही राज्य में सात सह-प्रभारी भी मैदान में उतारे हैं। आपको बता दें कि नवीन पालीवाल कार एसेसरीज का कारोबार करते हैं। वो कोटा के रहने वाले हैं। पालीवाल 2013 में अन्ना आंदोलन के दौरान काफी एक्टिव थे।
नवीन पालीवाल लगातार पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पदोन्नति से पहले, वो आम आदमी पार्टी के मंडल अध्यक्ष थे। आपको बता दें कि इस बार आम आदमी पार्टी को चार साल बाद नया प्रदेश अध्यक्ष मिला है। गौरतलब है कि इससे पहले किसान नेता रामपाल जाट इस पद पर थे। उन्हें मार्च 2019 में ये पद दिया गया था।
हाल ही में, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की कि पार्टी की एक नवीनीकृत इकाई राजस्थान में बनाई जाएगी। इस बयान के बाद पार्टी ने पालीवाल को नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। अब माना जा रहा है कि जल्द ही कार्यकारिणी समिति का भी गठन कर लिया जाएगा।
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी ने राजस्थान के लिए नए सह प्रभारियों की भी घोषणा की। जानकारी के अनुसार, ये दिल्ली, पंजाब और गुजरात के सात विधायक हैं जो पार्टी के राजस्थान प्रभारी विनय मिश्रा और नए प्रमुख पालीवाल के साथ मिलकर राजस्थान के 50 जिलों की 200 विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी को मजबूत करेंगे।