पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से राष्ट्रीय महिला आयोग खफा, कहा- मी-टू आंदोलन के दौरान लगाए गए आरोप

Share

नई दिल्ली: चरणजीत सिंह चन्नी को विधायक दल की बैठक में नेता चुने जाने के बाद प्रदेश का मुख्यमंत्री चुन लिया गया। पार्टी में अंदरूनी कलह के बाद आलाकमान ने उन्हें सीएम पद के लिए चुना है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी ने दलित वोटरों को आगामी चुनाव में साधने के लिए चरणजीत सिंह चन्नी को चुना।

महिला आयोग खफा

लेकिन कांग्रेस और चन्नी की परेशानियां कम होती नजर नही आ रही है। चरणजीत सिंह चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा, ‘2018 में मी टू आंदोलन के दौरान पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ आरोप लगाए गए थे। राज्य महिला आयोग ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया था और अध्यक्ष उन्हें हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे लेकिन कुछ नहीं हुआ’।

आगे उन्होंने कहा, ‘आज उन्हें एक महिला के नेतृत्व वाली पार्टी ने पंजाब का सीएम बनाया है। यह विश्वासघात है। वह महिला सुरक्षा के लिए खतरा हैं। उनके खिलाफ जांच होनी चाहिए। वे सीएम बनने के लायक नहीं है। मैं सोनिया गांधी से आग्रह करती हूं कि उन्हें सीएम पद से हटा दें’।

क्या था आरोप

2018 में एक आईएएस अधिकारी ने चन्नी पर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाया था। आरोप के दो साल बाद और कांग्रेस के भीतर बढ़ती लड़ाई के बीच, पंजाब महिला आयोग (पीडब्ल्यूसी) ने मुख्य सचिव करण अवतार सिंह को नोटिस जारी किया और इस साल जून में कथित उत्पीड़न मामले में स्थिति रिपोर्ट मांगी। पीडब्ल्यूसी चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी ने चन्नी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर भूख हड़ताल पर जाने की धमकी भी दी थी।

सुनील जाखड़ ने कहा- मुख्यमंत्री के अधिकार कमजोर होने की संभावना

इसके साथ ही सुनील जाखड़ ने भी हरीश रावत के बयान पर कहा था कि मुख्यमंत्री के अधिकार कमजोर होने की संभावना है। दरअसल शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हरीश रावत ने कहा था कि पंजाब का चुनाव नवजोत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में लड़े जाएंगे, इस कथन पर सुनील जाखड़ ने ट्वीट कर आपत्ति जताया। उन्होंने लिखा, “मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ ग्रहण दिवस पर हरीश रावत का यह कथन कि ‘चुनाव सिद्धू के नेतृत्व में लड़े जाएंगे’, चौंकाने वाला है। इससे मुख्यमंत्री के अधिकार कमजोर होने की संभावना है, और इससे उनके चयन का उद्देश्य भी खारिज हो जाता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *