झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए कमरे के खिलाफ भाजपा का विरोध प्रदर्शन, जेएमएम कार्यकर्ता की जमकर की पिटाई
रांची। झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए एक अलग से कमरा आवंटित कर देने के विरोध में बृहस्पतिवार को भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करने निकले। मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा का एक कार्यकर्ता भी पहुंच गया और हेमंत सरकार के जय कारे के नारे लगाने लगा। वहीं, भाजपा के लोगों को काला झंडा भी दिखाया। इसी बीच भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उसकी लात घूसों से जमकर पिटाई कर दी।
इस बारे में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकर्ता ने मीडिया को बताया कि वह युवक धनबाद से आया है और भाजपा वाले बेरोजगारी, महंगाई जैसे गंभीर मुद्दे छोड़कर फालतू के मुद्दे को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मारपीट की वह हेमंत सरकार से शिकायत करेंगे। इस पूरे मामले में वहां मौजूद एडीएम दीपक कुमार दुबे ने साफ कहा कि जिन्होंने भी आज कानून को हाथ में लिया है उन पर कार्रवाई की जाएगी।
मामले में जमकर हुआ बवाल
इससे एक दिन पहले भी यहां पर जमकर बवाल हुआ था। झारखंड विधानसभा के अंदर नमाज अदा करने के लिए एक विशेष कमरा आवंटित करने के कदम का विरोध कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। जिसमें राज्य इकाई के प्रमुख दीपक प्रकाश सहित कई भाजपा कार्यकर्ता कथित तौर पर घायल हो गए थे। वहीं, विधानसभा सत्र के दौरान नमाज अदा करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष द्वारा एक कमरे के आवंटन के विरोध में सोमवार को बीजेपी विधायकों ने झारखंड विधानसभा के अंदर ‘जय श्रीराम’, ‘हर हर महादेव’ के नारे लगाए थे।
बता दें कि बीते शुक्रवार को झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष की ओर से नमाज के लिए कमरा आवंटित करने का आदेश जारी किया गया है। इस आदेश में यह कहा गया था कि, “नए विधानसभा भवन में नमाज़ अदा करने के लिए नमाज़ कक्ष के रूप में कमरा संख्या टी डब्ल्यू 348 आवंटित किया जाता है।” इस फैसले के बाद से ही विवाद शुरू हो गया है। साथ ही यह मामला तुल पकड़ रहा है।