Advertisement

देश की मजबूती के लिए प्रदेश की सभी सीटों पर कमल खिलाना है- सीएम भजनलाल

CP Joshi fill nomination

CP Joshi fill nomination

Share
Advertisement

CP Joshi fill nomination:  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौडगढ़ लोकसभा से भाजपा के प्रत्याशी सीपी जोशी ने मंगलवार को अपना नामांकन भरा। इससे पूर्व ईनाणी सेंटर में विशाल नामांकन रैली का आयोजन किया गया.  जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा,  उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी,  डॉ. प्रेमचंद बैरवा,  पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, वरिष्ठ नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीचंद कृपलानी ,कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा,  हेमंत मीणा,  राज्य मंत्री गौतम दक,  हीरा लाल नागर,  राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया,  विधायक अर्जुनलाल जीनगर आदि उपस्थित रहे. संचालन जिला संगठन प्रभारी हेमंत लांबा ने किया।

Advertisement

‘जन सैलाब सीपी जोशी के प्रति प्रेम का गवाह’

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, इस पंडाल में उमड़ा जन सैलाब प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के प्रति आपके प्रेम और स्नेह को दर्शा रहा है। इसी के बल पर चित्तौड़गढ में प्रचंड बहुमत से जीत की हैट्रिक लगेगी. इसका पूरा भरोसा है। सीपी जोशी अपने लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। हाल ही में प्रताप सर्किट के लिए 100 करोड़ रूपये स्वीकृत हुए और इसमें चित्तौडगढ़ को भी शामिल किया.

‘मिली विकास कार्यों की सौगात’

उन्होंने कहा, बांसवाड़ा,  प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बैणेश्वर धाम, मां त्रिपुरा सुंदरी, सीतामाता अभ्यारण को जोड़कर पर्यटन सर्किट बनाने का काम हुआ.  देवास परियोजना का शिलान्यास हुआ. इसका लाभ कपासन और चित्तौड़ को मिलेगा. ज्यादा पानी आने पर उसका पानी बीसलपुर जाएगा. जिससे आधे राजस्थान को लाभ पहुंचेगा। इनके अलावा क्षेत्र को और भी कई विकास कार्यों की सौगात मिली हैं।

‘2014 से पहले देश में हुए अनगिनत घोटाले’

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 2014 से पहले देश में अनगिनत घोटाले होते थे. देश में आतंकवादी आते थे और बम फोड़कर चले जाते थे.  देश में तुष्टिकरण की राजनीति हो रही थी. 2014 के बाद भाजपा की मोदी सरकार ने गरीब और किसानों के कल्याण से लेकर सीमाओं की सुरक्षा, और विकास से लेकर देश का स्वाभिमान बढ़ाने का काम किया। आतंकी घटनाओं का जवाब दुश्मन के घर में घुसकर दिया गया.  माताओं-बहनों को सम्मान मिला।

‘पीएम सौ रुपये भेजते हैं तो जनता तक सीधे पहुंचते हैं’

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि दिल्ली से 100 रूपये भेजे जाते हैं लेकिन जनता तक सिर्फ 15 रूपये ही पहुंच पाते हैं। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 100 रूपये भेजते हैं तो पूरे 100 रूपये ही जनता तक पहुंचते हैं। देश की मजबूती और विकास की रफ्तार को बनाए रखने के प्रदेश की सभी सीटों पर कमल खिलाना है।

‘मोदी सरकार में ही विकास संभव’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि पिछले दस सालों में चित्तौड़गढ़ लोकसभा में अभूतपूर्व विकास के काम हुए हैं. अगर भाजपा की मोदी सरकार नहीं होती तो यह संभव नही हो पाता। विकास के जो काम मोदी सरकार के दस सालों में हुए वो कांग्रेस की सरकारें पचास सालों में भी क्यों नहीं कर पाईं।

‘कांग्रेसी बताएं 50 सालों के कार्य’

उन्होंने कहा, कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाते समय अपने पचास सालों का हिसाब रखें और बताएं आखिर क्या कारण है फोर लेन और सिक्स लेन सड़कें,  मावली से मारवाड़,  मावली से बड़ी सादडी,  बडी सादडी से नीमच की ट्रेनें, रतलाम से चित्तौड-कोटा, उदयपुर से चित्तौड-अजमेर रेलवे लाईनों का विद्युतिकरण, चित्तौड, प्रतापगढ़ और उदयपुर में पासपोर्ट ऑफिस, चित्तौडगढ़ और प्रताप गढ़ में केन्द्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, प्रतापगढ़ और वल्लभनगर में कृषि विज्ञान केन्द्र, उदयपुर एयरपोर्ट से उड़ानों में वृद्धि और एक हजार करोड़ के विकास कार्यों के लिए जनता को भाजपा की सरकार का इंतजार क्यों करना पड़ा।

‘युवाओं का हुआ उत्थान’

उन्होंने कहा, चित्तौड़ के जौहर स्थल पर इतने वर्षों में विकास क्यों नही हो पाया। मोदी सरकार में रेलवे,  हाईवे,  एयरपोर्ट लेकर ग्रामीण व शहरी विकास तक हर क्षेत्र में विकास हुआ,  देश को परिवार मानकर गरीब कल्याण से लेकर किसान सम्मान,  महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उत्थान के लिए काम किया।

‘जनता को मोदी पर अटूट विश्वास’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कि एक तरफ वो लोग हैं जिन्होंने सनातन को गाली दी.  राम मंदिर का निर्माण होने से रोका। जबकि दूसरी और भाजपा की मोदी सरकार है जिसने भव्य राम मंदिर बनवाया और कश्मीर से धारा 370 भी हटाई.  इस देश में अगर किसी ने राजनेताओं को बदलने का काम किया है तो नरेंद्र मोदी ने किया है। देश की जनता को भाजपा की नीति और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर अटूट विश्वास है.

‘मातृशक्ति की मजबूती के लिए हुए काम’

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि सरकार ने मातृ शक्ति की मजबूती के लिए अनेक काम किए हैं इसलिए मेवाड़ की माताएं बहनें एक-एक घर से वोट निकालने का काम करेगी।

‘भाजपा की हवा नहीं तूफान है’

उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि अबकी बार भाजपा की हवा नहीं बल्कि तूफान है। यहां की जनता सीपी जोशी को रिकॉर्ड मतों से जिताने को तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई सोच और विजन के साथ काम कर दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत का जो संकल्प लिया है उसे पूरा करने में हमें अपनी भूमिका निभानी है और प्रदेश की सभी सीटों पर कमल खिलाना है।

‘पिछले दस सालों में बढ़ा सम्मान’

नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि चित्तौड़ का स्वाभिमान और संघर्ष इतिहास के पन्नो में लिखा है। यह चुनाव भी देश के स्वाभिमान का चुनाव है। पिछले दस वर्षों में जनता ने देश के सम्मान को बढ़ते देखा है, गरीब का कल्याण होते देखा है, 25 करोड लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकलते देखा है, महिलाओं का सशक्तिकरण देखा है, कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचते देखा है।

लगाया तिलक, उतारी आरती

इसके बाद ईनाणी सिटी सेंटर से सीपी जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीचंद कृपलानी, चन्द्रभान सिंह आक्या, कमलेश पुरोहित, पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट जीप में सवार होकर भव्य रैली के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे. कलेक्ट्रेट पंहुचने पर कन्याओं द्वारा सीपी जोशी के तिलक लगाकर आरती उतारी गई.

कालिका माता के किए दर्शन

लोकसभा प्रत्याशी सीपी जोशी ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन के चार सेट प्रस्तुत किए। जिनमें प्रस्तावक विधायक श्री चंद कृपलानी, कैबिनेट मंत्री गौतम दक,विधायक  चंद्रभान सिंह आक्या और  विधायक अर्जुन लाल जीनगर रहे। नामांकन से पूर्व ही पी जोशी ने दुर्ग स्थित कालिका माताजी के दर्शन किए। सभा स्थल पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुश्री गिरिजा व्यास के भतीजे विवेक व्यास ने उदयपुर के वरिष्ठ नेता प्रमोद सामर और तुषार मेहता की प्रेरणा से कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। विवेक जोशी का मंच पर स्वागत किया गया।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रभु लाल सैनी, कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा, विधायक डॉ सुरेश धाकड़, जिलाध्यक्ष मिठूलाल जाट,प्रतापगढ़ जिला अध्यक्ष गोपाल कुमावत, उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष चन्द्रगुप्त सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: हृदय विदारकः ‘मौत की आग’ ने सूनी कर दी मां की गोद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरो को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अन्य खबरें