Bihar: योजनाओं का सार समेटे है जन सूचना विभाग का कैलेंडर, सीएम नीतीश ने किया लोकार्पण

CM Nitish
CM Nitish: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 01 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में बिहार सरकार के सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित बिहार डायरी 2024 एवं कैलेण्डर 2024 का लोकार्पण किया। बिहार कैलेंडर-2024 ‘बिहार ने दिखाई राह’ थीम पर केंद्रित है।
जनवरी पृष्ठ पर महिला सशक्तीकरण थीम
जनवरी माह के पृष्ठ पर महिला सशक्तीकरण थीम को दर्शाया गया है। वर्ष 2006 से पंचायती राज संस्थानों एवं वर्ष 2007 से नगर निकायों के निर्वाचन में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। साथ ही प्राथमिक शिक्षक नियोजन में 50 प्रतिशत स्थान महिलाओं के लिए आरक्षित है।
फरवरी पेज पर ‘जीविका’ और मार्च के पेज पर कृषि रोड मैप की झलक
फरवरी माह के पृष्ठ पर बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘जीविका’ को दर्शाया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं सहायता समूहों का नामकरण “जीविका” किया। जीविका के अंतर्गत अब तक 10 लाख 47 हजार स्वयं सहायता समूहों का गठन हो चुका है। मार्च माह के पृष्ठ पर कृषि रोड मैप को दर्शाया गया है जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विजन का परिणाम है। कृषि रोड मैप जैसी योजना चलाने वाला बिहार देश का पहला राज्य है।
अप्रैल और मई के पेज भी नजर आएंगी अन्य योजनाएं
अप्रैल माह के पृष्ठ पर मुख्यमंत्री साइकिल योजना और मुख्यमंत्री पोशाक योजना को दर्शाया गया है। बिहार में महिलाओं की साक्षरता दर को बढ़ाने के लिए तथा उनमें आत्मविश्वास पैदा करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2008 में बालिका साइकिल योजना की शुरूआत की। बाद में बालकों हेतु मुख्यमंत्री बालक साइकिल योजना की शुरूआत भी की गई। मई माह के पृष्ठ पर लोक सेवा का अधिकार अधिनियम एवं बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम योजना को दर्शाया गया है। बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम, 2011 का उद्देश्य नागरिकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर राज्य सरकार और उसकी एजेंसियों से सेवाओं की प्राप्ति करने में सक्षम बनाना है।
जून और जुलाई पेज पर भी विशेष थीम
जून माह के पृष्ठ पर समाज सुधार अभियान को दर्शाया गया है। जुलाई माह के पृष्ठ पर हर घर तक नल का जल एवं हर घर तक पक्की गली-नाली योजना को दर्शाया गया है। राज्य सरकार के सात निश्चय अन्तर्गत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रेरणा से वर्ष 2016 से राज्य भर में ‘हर घर नल का जल’ निश्चय का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
स्मार्ट प्री पेड मीटर और हरियाली भी है थीम
अगस्त माह के पृष्ठ पर स्टूडेंट क्रडिट कार्ड योजना को दर्शाया गया है। सितंबर माह के पृष्ठ पर स्मार्ट प्री-पेड मीटर योजना के बारे में बताया गया है। अब तक 22 लाख 90 हजार से भी अधिक स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगाकर बिहार देश में पहले स्थान पर है। अक्टूबर माह के पृष्ठ पर जल-जीवन-हरियाली अभियान को दर्शाया गया है। नवंबर माह के पृष्ठ पर गंगा जल आपूर्ति योजना को दर्शाया गया है। दिसंबर माह के पृष्ठ पर गयाजी डैम के बारे में बताया गया है। फल्गू नदी में पानी नहीं रहने के कारण श्रद्धालुओं को तर्पण करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रेरणा से फल्गू नदी पर आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों की देखरेख में 411 मीटर लंबे, 95 मीटर चौड़े और 03 मीटर ऊँचे रबर डैम का निर्माण करवाया गया।
मंत्री और पदाधिकारी रहे मौजूद
बिहार डायरी एवं कैलेण्डर के लोकार्पण के अवसर पर जल संसाधन सह सूचना एवं जन-सम्पर्क मंत्री संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव सह सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के निदेशक अमित कुमार उपस्थित थे।
रिपोर्टः सुजीत श्रीवास्तव, ब्यूरोचीफ, बिहार
ये भी पढ़ें: Bihar: गोपालगंज में न्यायालय कर्मी को दिनदहाड़े गोलियों से भूना
Follow us on: https://twitter.com/HindiKhabar