Advertisement

भूपेश बघेल की कुर्सी पक्की, सिंह देव ने कहा- कोई चीज स्थाई है तो वो है परिवर्तन

Share
Advertisement

रायपुर: छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के फार्मूले पर लंबे धमासान के बाद फिलहाल विराम लग गया है। अभी भूपेश बघेल ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। लेकिन दिल्ली से वापस लौटने के बाद टीएस सिंह देव ने कहा कि उन्होंने पार्टी आलाकमान को वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया है और अंतिम निर्णय पार्टी को लेना है। टीएस सिंह देव के बयान के बाद राजनीतिक महकमे में चर्चा है कि ढाई-ढाई साल का मुद्दा अभी खत्म नहीं हुआ है।

Advertisement

राज्य में भाजपा के 15 साल की सरकार को प्रचंड बहुमत से पटखनी देने के बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी। चार मुख्यमंत्री के दावेदार को पीछे छोड़कर भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने, लेकिन शुरू से ये चर्चा होती रही टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल के बीच ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला है लेकिन कांग्रेस आलाकमान की तरफ से कोई स्पष्टीकरण सामने नही आया।

ढाई साल पूरे होने पर फिर से सियासी सरगर्मी तेज हुई और मानसून सत्र के पहले कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह के द्वारा ये आरोप लगाया गया कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव उन्हें जान से मारना चाहते है, हालांकि बाद में बृहस्पति सिंह ने माफी मांग ली लेकिन उसके बाद टीएस सिंह देव ने दिल्ली में डेरा डाल दिया। टीएस सिंह देव के दिल्ली कूच के बाद भूपेश बघेल के समर्थन में 50 से अधिक विधायक दिल्ली पहुंच गए। दिल्ली से लौटकर भूपेश बघेल ने कहा राहुल गांधी से चर्चा हुई है राहुल अगले हफ्ते छत्तीसगढ़ आएंगे और विकास का मॉडल देखेंगे। बघेल के इस तेवर से साफ हो गया है कि वे ही सीएम बने रहेंगे।

सिंह देव ने कहा कोई चीज स्थाई है तो वो है परिवर्तन

इस सारे प्रकरण के बाद स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव 28 दिन बाद रायपुर लौटे। रायपुर लौटने पर उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान के पास अंतिम निर्णय सुरक्षित है। आगे उन्होंने कहा कि अगर कोई चीज स्थाई है तो वो है परिवर्तन। सिंह देव के इस बयान से समझा जा सकता है की अभी सियासत जारी रहेगी।

बयान जो भी हो लेकिन जब तक पार्टी आलाकमान स्पष्ट नही करती कि छत्तीसगढ़ का सिरमौर किसके हाथ में होगा तब तक के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ही रहेंगे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *