Advertisement

IPL 2023: इस खिलाड़ी ने सबसे कम उम्र में IPL प्लेऑफ का सबसे बड़ा निजी स्कोर बना दिया, जानें

Share
Advertisement

शुभमन गिल IPL प्लेऑफ में सबसे बड़ा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्वालीफायर 2 में 60 गेंद पर 7 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 129 रन बनाए। अहमदाबाद के इसी नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुभमन गिल लखनऊ के खिलाफ 94 रन बनाकर नाबाद रह गए थे।

Advertisement

तब शतक से चूकने पर उन्होंने कहा था कि अभी इस सीजन और भी मुकाबले बाकी हैं। उस बयान के बाद अहमदाबाद के इस मैदान पर गुजरात टाइटंस ने 2 मैच खेले और शुभमन ने दोनों में ताबड़तोड़ शतक ठोक दिए। यह बीते 4 IPL मुकाबलों में गिल के बल्ले से आने वाला तीसरा शतक था।

IPL प्लेऑफ का सबसे बड़ा निजी स्कोर

क्वालीफायर वन में CSK के खिलाफ रनचेज में शुभमन 42 रन बनाकर आउट हो गए थे। गुजरात टाइटंस 15 रनों से मुकाबला हार गई थी। शुभमन को सिर्फ लीग मैचों का स्टार बोलकर तब उनकी खूब आलोचना हुई थी। उस नाकामी का सिला इस युवा बल्लेबाज ने क्वालीफायर 2 में दिया। सबसे कम उम्र में IPL प्लेऑफ का सबसे बड़ा निजी स्कोर बना दिया।

कैमरन ग्रीन के दूसरे ओवर की पांचवीं फुल लेंथ गेंद को स्टंप्स से फ्लिक कर शॉर्ट फाइनलेग की दिशा में शुभमन ने पारी का पहला चौका बटोर लिया। गिल ने बेहनड्रॉफ के पांचवें ओवर की दूसरी शॉर्ट गेंद को भी शॉर्ट फाइनलेग की दिशा में 4 रन के लिए भेज दिया।

प्रिंस ऑफ इंडियन क्रिकेट ने यह कारनामा किया।

शुभमन ने क्रिस जॉर्डन के छठे ओवर की दूसरी धीमी गेंद को ताकतवर भुजाओं के सहारे स्क्वायर लेग स्टैंड में छक्के के लिए विदा दिया। तीसरी शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद पर कारपेट के सहारे कवर-पॉइंट की दिशा में गिल ने चौका हासिल किया। शुभमन के तूफान की बदौलत गुजरात टाइटंस ने पावरप्ले में बगैर नुकसान 50 का आंकड़ा छू लिया।

शुभमन गिल को भलीभांति एहसास था कि मुंबई इंडियंस के पास मजबूत बैटिंग लाइनअप है। ऐसे में जल्दी ही रन गति को बढ़ाना अनिवार्य होगा। शुभमन ने पीयूष चावला के नवें ओवर की तीसरी गेंद पर डाउन द ट्रैक आकर सीधे साइट स्क्रीन में गगनचुंबी छक्का जड़ दिया। बल्ले के क्लीन स्विंग के बूते प्रिंस ऑफ इंडियन क्रिकेट ने यह कारनामा किया।

कुमार कार्तिकेय के 10वें ओवर की तीसरी गेंद को मिडविकेट की दिशा में सिंगल के लिए फ्लिक कर शुभमन ने इस IPL का अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया। पांचवीं गेंद कार्तिकेय ने फुलर लेंथ अंदर की तरफ एंगल बनाती हुई डाली। शुभमन गिल ने घुटने मोड़े और डीप स्क्वायर लेग स्टैंड में ताकतवर छक्का उड़ा दिया।

शुभमन ने परफेक्ट टाइमिंग का नजारा पेश किया

रितिक शौकीन की जगह वापसी कर रहे कार्तिकेय का बुखार छुड़ा दिया। एलिमिनेटर में 5 रन देकर 5 विकेट चटकाने वाले आकाश मधवाल 12वें ओवर में शुभमन गिल के हत्थे चढ़ गए। पहली गेंद लेग स्टंप के बाहर फुल लेंथ की थी। शुभमन गिल ने गेंद की लाइन में आते हुए डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग बाउंड्री के बाहर पिकअप शॉट पर छक्का उड़ा दिया।

बदले में आकाश ने दूसरी गेंद तेज शॉर्ट बॉल डाली। ताकतवर पुल शॉट के सहारे शुभमन ने गेंद को छक्के के लिए डीप मिडविकेट स्टैंड में पहुंचा दिया। शुभमन के सामने बेबस नजर आ रहे आकाश ने पांचवीं गेंद स्लॉट में डाल दी। ज्यादा जोर से मारने की बजाय कलाइयों का हल्का सा फ्लिक और फिर भी गेंद 6 के लिए निकल गई। इस शॉट में शुभमन ने परफेक्ट टाइमिंग का नजारा पेश किया।

तेज गेंदबाज और स्पिनर बराबर बेबस नजर आये

तेज गेंदबाज की कुटाई करने के बाद शुभमन पीयूष चावला के 13वें ओवर की पहली स्लॉट वाली गेंद पर बाहर निकले और लॉन्गऑफ के ऊपर से छक्का जड़ दिया। तीसरी गेंद चावला ने लेग स्टंप के बाहर शॉर्ट डाल दी। जो बल्लेबाज अच्छी गेंदों की दुर्दशा कर रहा हो, वह भला इस खुले निमंत्रण को कहां ठुकराने वाला था।

शुभमन ने इसे आसानी से फाइनलेग बाउंड्री के बाहर 4 रन के लिए भेज दिया। चौथी गेंद पर शुभमन बॉल की पिच तक पहुंचे और लॉन्गऑन के ऊपर से 106 मीटर लंबा छक्का जड़ दिया। यह विशालकाय छक्का अपने आप में बताने के लिए काफी था कि शुभमन किस फॉर्म से गुजर रहे हैं।

शुभमन गिल ने अपना शतक पूरा किया

शुभमन गिल के सामने तेज गेंदबाज और स्पिनर बराबर बेबस नजर आ रहे थे। वह अपनी मर्जी से गेंदबाजों को जिधर चाहे, उधर बड़े शॉट लगा रहे थे। कैमरन ग्रीन के 15वें ओवर की पहली फुल लेंथ गेंद को लॉन्गऑन की दिशा में सिंगल के लिए खेलकर शुभमन गिल ने अपना शतक पूरा कर लिया।

तीसरी गेंद स्लॉट में और शुभमन ने फ्रंटलेग क्लियर करते हुए गेंदबाज के सिर के ऊपर से गगनचुंबी छक्का उड़ा दिया। धीमी गति के साथ डाली गई चौथी बॉल को शुभमन ने एक टप्पे के बाद स्क्वायर लेग बाउंड्री के बाहर 4 रन के लिए विदा किया। पांचवीं शॉर्ट गेंद पर डाउन द ट्रैक आकर शुभमन ने शॉट आर्म जैब के जरिए वाइडर लॉन्गऑन के ऊपर से छक्का लगा दिया।

कैमरन ग्रीन को आसमान में तारे दिखा दिया

कैमरन ग्रीन को आसमान में तारे दिखा दिया। क्रिस जॉर्डन के 16वें ओवर की पहली फुलटॉस पर शुभमन ने बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में चौका लगा दिया। गिल ने आकाश मधवाल के 17वें ओवर की तीसरी फुलटॉस को एक टप्पे के बाद एक्स्ट्रा कवर बाउंड्री के बाहर 4 रन के लिए रवाना किया।

ओवर की पांचवीं गेंद पर शुभमन मिडविकेट पर जरूर कैच थमा बैठे, लेकिन तब तक उन्होंने सिर्फ 60 गेंद पर 129 रन बना दिए थे। 215 की तूफानी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 7 चौके और 10 छक्के लगा दिए थे। शुभमन गिल के तूफानी शतक की बदौलत GT ने पहले खेलते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 233 रन बनाए। जवाब में MI 18.2 ओवरों में 171 पर ऑलआउट हो गई और 62 रनों से मैच हार गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *