Kerala Attack : केरल के मलप्पुरम जिले के वांडूर के चेल्लितोडु इलाके में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला हुआ. यह घटना रात के समय हुई, जब थरूर ए.पी. अनिल कुमार के चुनाव प्रचार के लिए वांडूर पहुंचे थे.
शिकायत के अनुसार, बाइक सवार कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को रोका, गनमैन के साथ गाली-गलौज की और बाद में उसके साथ मारपीट की. इस मामले में गनमैन ने ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि कुछ लोगों ने थरूर की कार का पीछा किया और फिर उसे रोककर हमला करने की कोशिश की. इस दौरान गनमैन ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावरों ने उसकी पिटाई कर दी.
गाड़ी रोकने वाला युवक गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि वांडूर में थरूर की गाड़ी रोकने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान कालीकावु निवासी उमर के रूप में हुई है. इसके अलावा दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने उन दो कारों को भी जब्त किया है, जिनमें सवार होकर लोग आए थे. इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
आरोपियों से पूछताछ जारी
गनमैन ने वांडूर पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि कार से आए कुछ लोगों ने वाहन को रोक लिया, गाली-गलौज की और रास्ता रोक दिया. जब थरूर के साथ भी ऐसा करने की कोशिश हुई, तो गनमैन ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई.
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि इस घटना के पीछे कोई स्पष्ट कारण है या नहीं.
ये भी पढ़ें- राघव चड्ढा बताएं, जनहित के मुद्दों पर मोदी सरकार के खिलाफ बोलने से क्यों डर रहे?- ”आप”
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









