
Robbery in Samastipur: समस्तीपुर में गल्ला व्यवसायी के घर डकैती वारदात हुई। वारदात रविवार देर रात की है। सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। बताया गया कि तकरीबन आधा दर्जन की संख्या में आए बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। सभी बदमाश नकाबपोश थे। इलाके में दहशत है। बताया गया कि बदमाशों ने परिवार के लोगों को बंधक बनाकर आराम से डकैती की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए। इस वारदात में 10 से 15 लाख की नकदी और जेवर डकैत ले गए हैं।
गल्ला व्यवसायी के घर दिया वारदात को अंजाम
बताया गया कि समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के महमदीपुर में गल्ला किराना व्यवसायी रामकुमार चौधरी का घर है। रविवार देर रात डकैतों ने घर की दीवार फांद कर घर में प्रवेश किया। उस वक्त तकरीबन रात का एक बज रहा था। घर के सभी लोग सो रहे थे।
Robbery in Samastipur: घर के सभी लोगों के हाथ-पैर बांधे
डकैतों ने सबसे पहले रामकुमार चौधरी के बेटे विश्वास चौधरी के कमरे पर धावा बोला। अत्याधुनिक हथियार और लोहे की रॉड, चाकू से लैस डकैतों ने रामकुमार के बेटे को कब्जे में लिया और इसके बाद हथियार का भय दिखाकर घर के सभी लोगों के हाथ-पैर बांध दिए।
Robbery in Samastipur: जान से मारने की धमकी दी
इसके बाद डकैतों ने जान से मारने की धमकी देते हुए परिवार वालों से लॉकर अलमारी की चाबी ले ली। डकैतों ने घर पर रखी नकदी और जेवर निकाल लिए और रात लगभग तीन बजे सभी घरवालों को बंधा छोड़ घटनास्थल से भाग गए।
नहीं हो सकी पहचान, चेहरों पर थे नकाब
दो से तीन घंटे तक चली इस डकैती की घटना की किसी को भनक तक नहीं लगी। बताया गया कि आरोपियों के हाथों में पिस्टल भी थीं। उनके चेहरे नकाबों से ढ़के हुए थे। सुबह होने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस, कर रही छानबीन
मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन की। थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने कहा, घटना के बारे में जांच जारी है। हर पहलू की सनघता से पड़ताल की जा रही है। जल्द ही डकैती की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
ये भी पढ़ें: Bihar: ड्यूटी के दौरान हुई युवा होमगार्ड की मौत, ठंड लगने से मौत की आशंका, जांच में जुटी पुलिस…