ChhattisgarhDelhi NCRराजनीतिराज्य

AAP की छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव को लेकर तैयारी, दिल्ली में डॉ. संदीप पाठक की प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक

Preparation of Election : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने शनिवार को दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में छत्तीसगढ़ के पार्टी पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में प्रदेश में संगठन विस्तार, छत्तीसगढ़ में होने वाले आगामी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत चुनाव और भाजपा के खिलाफ दिल्ली में होने वाले इंडिया गढ़बंधन के विरोध प्रदर्शन को लेकर चर्चा हुई। इस बैठक में दिल्ली से आम आदमी पार्टी के विधायक एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी संजीव झा, प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू, पंजाब से विधायक एवं प्रदेश सह प्रभारी हरदीप मुंडिया और पंजाब से विधायक एवं प्रदेश सह प्रभारी गुरिंदर सिंह गैरी बिरिंग समेत प्रदेश के अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

पार्टी छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार : संजीव झा, प्रदेश प्रभारी

प्रदेश प्रभारी संजीव झा ने कहा कि आज हमने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में अहम बैठक की। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक के साथ हमने प्रदेश में संगठन विस्तार को लेकर चर्चा की। इसके अलावा हमने नगर निगम चुनाव, नगर पालिका चुनाव और नगर पंचायत चुनाव को लेकर भी चर्चा की। छत्तीसगढ़ में हमारा संगठन काफी मजबूत है। आम आदमी पार्टी प्रदेश में निकाय चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस महत्वपूर्ण बैठक में हमने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रही मोदी सरकार के खिलाफ 30 जुलाई को जंतर मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा की।

उन्होंने कहा विशेष अदालत और सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी मोदी सरकार ने अरविंद केजरीवाल जी को जेल के अंदर बंद कर रखा है। जेल के अंदर उनके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही है। उनका शुगर लेवल लगातार 50 से कम जा रहा है जोकि उनकी जान के लिए खतरा है। जेल में बंद अरविंद केजरीवाल जी की जान के साथ भाजपा सरकार खिलवाड़ कर रही है।

छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ रही AAP और CM केजरीवाल की लोकप्रियता : गोपाल साहू

वहीं, बैठक में शामिल छत्तीसगढ़ के आम आदमी पार्टी अध्यक्ष गोपाल साहू ने कहा कि प्रदेश में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ती जा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली और पंजाब में किए जा रहे शानदार कार्यों की छत्तीसगढ़ में काफी चर्चा है। आगामी निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी शानदार जीत हासिल करेगी। हम अरविंद केजरीवाल जी की काम की राजनीति पर जनता से वोट मांगेंगे। छत्तीसगढ़ की जनता अरविंद केजरीवाल जी के साथ है।

उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ की जनता अच्छे तरीके से जानती है कि भाजपा सरकार द्वारा अरविंद केजरीवाल जी को जबरदस्ती जेल के अंदर बंद कर रखा है। जमानत मिलने के बाद भी उनको जेल से रिहा नहीं किया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल जी का कसूर सिर्फ इतना है कि उन्होंने दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है। भाजपा उनको दिल्ली में नहीं हरा सकती इसीलिए उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है।

यह भी पढ़ें : हरियाणा के सढ़ौरा में गरजीं सुनीता केजरीवाल… ‘CM केजरीवाल शेर, वो मोदी जी के सामने नहीं झुकेंगे’

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button