Advertisement

पंजाब में ‘मान’ सरकार, जानिए मान कैसे एक्टिंग की दुनिया से पहुंचे CM की कुर्सी तक

भगवंत मान का एक्टिंग
Share
Advertisement

पंजाब में आम आदमी पार्टी को मिले बहुमत के बाद भंगवत मान आज बुधवार को मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। भगवंत मान पंजाब के संगरूर लोकसभा सीट से सांसद थे। अभी हाल ही में भगवंत मान ने अपने सांसद पद से इस्तीफा दिया है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव में 117 सीटों में से 92 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है।

Advertisement

भगवंत मान का जन्म 17 अक्टूबर 1973 में पंजाब में सिख परिवार में हुआ था। उन्होंने 2011 में राजनीति में एंट्री ली थी। भंगवत मान आज पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। भगवंत पेशे से एक अभिनेता और कॉमेडियन भी हैं।

आइए जानते हैं शुरुआती जीवन के बारे में

भगवंत मान ने शहीद उद्धम सिंह गवर्नमेंट कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। उन्होंने राजनीति, व्यापार और खेल सहित विशिष्ट भारतीय मुद्दों के बारे में कई कॉमेडी रूटीन विकसित किए। भगवंत मान ने 1994 में फिल्मी दुनिया में कदम रखा। उन्होंने इंदरप्रीत कौर से शादी की लेकिन फिर 2015 में दोनों अलग हो गए। उनके दो बच्चे भी हैं। उन्होंने फिल्म कचहरी से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। अभी तक वो 12 से अधिक फिल्मों में दिखाई दे चुके हैं। उन्होंने जगतार जग्गी के साथ अपना पहला कॉमेडी एल्बम रिकॉर्ड किया था।

मान का राजनीतिक सफर

भगवंत मान ने राजनीतिक सफर की शुरुआत मनप्रीत सिंह बादल की पंजाब पीपल्स पार्टी से की थी। साल 2012 में लहरा विधानसभा सीट से भगवंत मान चुनाव लड़े थे। उनका चुनाव निशान था पतंग। लेकिन उनकी पतंग सफलता की उड़ान नहीं भर सकी और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद 2014 में भगवंत मान पंजाब की पीपल्स पार्टी को छोड़ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।

केजरीवाल ने उन्हें 2014 में संगरूर लोकसभा सीट से चुनाव में टिकट दिया जो पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींडसा के खिलाफ था, जिसमें भगवंत मान को जीत हासिल हुई। फिर उन्होंने 2017 में सुखबीर सिंह बादल और रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ जलालाबाद में विधानसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें उस समय उनको हार का सामना करना पड़ा। फिर मान को आम आदमी पार्टी की पंजाब यूनिट का अध्यक्ष बनाया गया। 2022 पंजाब विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को सीएम चेहरा घोषित कर चुनाव लड़ा और जबरदस्त जीत हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *