समुद्री क्षेत्र में चीनी जहाजों पर पैनी नजर: भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने वार्षिक नौसेना दिवस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि इस क्षेत्र में बहुत सारे चीनी जहाज मौजूद हैं।
नौसेना प्रमुख ने कहा,“किसी भी समय चार से छह पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) नौसेना के जहाज होते हैं। उनके अनुसंधान जहाजों के साथ बड़ी संख्या में चीनी मछली पकड़ने के जहाज हैं। हम उन पर कड़ी नजर रखते हैं।”
एडमिरल आर हरि कुमार ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध जैसी हालिया घटनाओं ने हमें दिखा दिया है कि हम अपनी सुरक्षा जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रह सकते। सरकार ने हमें आत्मनिर्भर भारत के लिए बहुत स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं।
नौसेना प्रमुख ने कहा, “सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने एकीकरण बढ़ाने पर जोर दिया है, और हम थिएटर कमांड और एकीकरण विकसित करने पर काम कर रहे हैं।”
नौसेना प्रमुख ने अग्निवीर योजना को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि 3,000 अग्निवीर भारतीय नौसेना में शामिल हुए हैं, जिनमें से 341 महिलाएं हैं।