
देश में आजादी का अमृत महोत्सव चल रहा है। पूरा देश आजादी के रंग में रंगाता जा रहा है। इस साल स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने की खुशी में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों ने लद्दाख में 12 हजार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराया। इसी के तहत आईटीबीपी जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तस्वीर शेयर कि है।
इसके साथ ही जवानों ने सभी देशवासियों से यह अपील की है कि इस महोत्सव में शामिल होते हुए 13 से 15 अगस्त के बीच सभी लोग अपने अपने घरों में तिरंगा फहराएं।
आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर देश के कई हिस्सों में कई तरह के कार्यक्रम सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे हैं। कई राज्यों में हर घर तिरंगा कार्यक्रम चल रहा है। अभियान के तहत अगले महीने तीन दिनों तक देश भर में 20 करोड़ से अधिक घरों पर तिरंगा फहराया जाएगा।
वहीं राजधानी दिल्ली में शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों, फ्लाईओवरों, गोल चक्करों, स्कूलों, सरकारी भवनों और अस्पतालों को राष्ट्रीय तिरंगे के रंग से सजाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ को नए तरीके से मनाने का फैसला किया है और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति की भावना को उच्चतम स्तर तक ले जाएगा। हाल ही में पीएम मोदी ने ट्विटर पर कहा था कि 22 जुलाई का भारत के इतिहास में विशेष महत्व है क्योंकि 1947 में इसी दिन राष्ट्रीय ध्वज को अपनाया गया था।