ISRO के नए चीफ होंगे डॉ. वी. नारायणन, 14 जनवरी को संभालेंगे कमान
ISRO : भारत के ISRO (India Space Research Organisation) को जल्द ही नया नेतृत्व मिलने वाला है। क्योंकि मौजूदा इसरो के प्रमुख एस. सोमनाथ का कार्यकाल समाप्त होने वाला है और उनके स्थान पर वी नारायणन इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। वह 14 जनवरी से इसरो के नए अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव का पदभार संभालेंगे। बता दें कि केंद्र सरकार ने मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी थी।
कौन हैं वी नारायणन?
वी नारायणन इसरो के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक हैं और लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम्स सेंटर (LPSC) के निदेशक हैं। उन्होंने भारत के क्रायोजेनिक इंजन विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जो एक ऐसी तकनीक है जिसे पहले भारत को देने से इनकार कर दिया गया था।
नारायणन रॉकेट और अंतरिक्ष यान प्रोपल्शन के विशेषज्ञ हैं। उनकी शिक्षा भी प्रेरणादायक है, उन्होंने तमिल माध्यम के स्कूलों से पढ़ाई की और फिर आईआईटी खड़गपुर से क्रायोजेनिक इंजीनियरिंग में एम.टेक किया। उन्हें टॉप रैंक के लिए सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, उन्होंने एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में पीएचडी भी पूरी की।
नारायणन का इसरो में योगदान
1984 में इसरो से जुड़े वी नारायणन ने 2018 में एलपीएससी के निदेशक का पद संभाला। उनके नेतृत्व में यह केंद्र लिक्विड, सेमी-क्रायोजेनिक और क्रायोजेनिक प्रोपल्शन सिस्टम्स, सैटेलाइट प्रोपल्शन और अन्य अत्याधुनिक तकनीकों पर काम कर रहा है।
2 वर्षों का होगा कार्यकाल
बता दें कि नए इसरो प्रमुख के रूप में वी नारायणन का कार्यकाल 2 वर्षों का होगा। साथ ही वह अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष के तौर पर भी काम करेंगे। उनकी इस विशेषज्ञता से इसरो को अंतरिक्ष अन्वेषण, रॉकेट लॉन्च, और नए मिशनों में और मजबूती मिलेगी।
एस. सोमनाथ का कार्यकाल
मौजूदा इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने जनवरी 2022 में पदभार संभाला था। उनके नेतृत्व में भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में चंद्रयान-3 का सफलतापूर्वक रोवर उतारा, जिससे भारत दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया जिसने यह उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि ने इसरो को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।
अब, वी नारायणन के नेतृत्व में इसरो नए आयाम छूने के लिए तैयार है। उनकी नियुक्ति भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक नई शुरुआत की ओर इशारा करती है, जो देश की अंतरिक्ष अनुसंधान और विकास क्षमताओं को और मजबूत करेगी।
यह भी पढ़ें : राजस्थान में कड़ाके की ठंड के बीच हो सकती है बारिश, मौसम विभाग ने दिया अपडेट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप